
नई दिल्ली. कृषि कानूनों का विरोध करने वाले किसानों के समर्थन में कांग्रेस आज पूरे देश में विरोध प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी कृषि कानूनों के खिलाफ जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस सांसदों से मिले। कांग्रेस ने आज के दिन को किसान अधिकार दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया है।
अपडेट्स..
राहुल गांधी ने कहा, ये तीन कानून किसान को खत्म करने के कानून हैं। इस देश को आज़ादी अंबानी-अदानी ने नहीं, किसान ने दी है। आजादी को बरकरार हिन्दुस्तान के किसान ने रखा है, जिस दिन देश की खाद्य सुरक्षा चली जाएगी उस दिन देश की आजादी चली जाएगी।
कृषि कानूनों के खिलाफ अपना विरोध जताने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी उपराज्यपाल के आवास का घेराव करने के लिए राज निवास की ओर निकले।
वायनाड से सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को पार्टी की दिल्ली इकाई के कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। राहुल गांधी ने दिसंबर में राष्ट्रपति भवन में इसी तरह का विरोध मार्च निकालने की कोशिश की थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोक दिया था।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, समय आ गया है जब मोदी सरकार को अन्नदाता किसानों द्वारा दी गई चेतावनी को समझने की जरूरत है क्योंकि अब इस देश में किसान 'करो या मरो' के रास्ते पर आगे बढ़ा है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.