
Cyclone Biparjoy । अरब सागर पर उठा चक्रवाती तूफान बिपरजॉय आज गुजरात के कच्छ जिले में तट से टकरा सकता है। तूफान के असर से बहुत अधिक तेज गति से हवा चल रही है। समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रहीं हैं। पूरी दुनिया की इसपर नजर है। अंतरिक्ष में मौजूद अंतरिक्ष यात्री भी इसपर रख रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में काम कर रहे अंतरिक्ष यात्री सुल्तान अलनेयादी ने बिपरजॉय की तस्वीर ली है। उन्होंने बिपरजॉय के तीन तस्वीरों को अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया है। इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि चक्रवाती तूफान कितना भयावह है। तस्वीरों को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से दो दिनों में लिया गया था।
जखाऊ बंदरगाह के पास लैंडफॉल कर सकता है बिपरजॉय
बिपरजॉय के गुरुवार शाम गुजरात के कच्छ जिले में जखाऊ बंदरगाह के पास लैंडफॉल करने की उम्मीद है। यह गंभीर चक्रवाती तूफान 6 जून 2023 को अरब सागर के ऊपर विकसित हुआ था। तूफान में 125 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार वाली हवा चल रही है। यह 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ रहा है।
मौसम विभाग ने गुजरात के लिए जारी किया है रेड अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुजरात के लिए भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी के साथ रेड अलर्ट जारी किया है। कच्छ क्षेत्र में ऊंची समुद्री लहरों और तेज हवा से अधिक नुकसान होने की आशंका है। यहां हवा की गति 135 किमी प्रति घंटे तक होने की संभावना है।
गुजरात में NDRF की 18 टीमें तैनात
गुजरात और महाराष्ट्र में राहत व बचाव कार्य करने के लिए NDRF (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की 33 टीमों को तैनात किया गया है। NDRF की 18 टीमों को गुजरात में तैनात किया गया है। NDRF की चार टीमें कच्छ, 3-3 राजकोट और देवभूमि द्वारका, दो जामनगर और एक-एक पोरबंदर, जूनागढ़, गिर सोमनाथ, मोरबी, वलसाड और गांधीनगर में तैनात हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.