
नई दिल्ली। आप (Aam Aadmi Party) ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह उसके विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है। इसके लिए विधायकों को 25 करोड़ रुपए ऑफर किए गए हैं। इसके खिलाफ भाजपा ने पुलिस में शिकायत की है, जिससे आप खुद मुश्किल में फंसती दिख रही है।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम शनिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पहुंची। पुलिस अधिकारी सीएम को नोटिस देने आए हैं। मामला आप द्वारा भाजपा पर विधायकों की खरीद की कोशिश के आरोप लगाए जाने का है। पुलिस सीएम के घर नोटिस लेकर दूसरी बार आई है।
इससे पहले शुक्रवार को क्राइम ब्रांच की टीम केजरीवाल और दिल्ली सरकार में मंत्री अतिशी के घर गई थी, लेकिन नोटिस लेने से इनकार कर दिया गया था। इसके बाद शनिवार को पुलिस टीम नोटिस लेकर फिर से आई है।
आप ने लगाया 7 विधायकों को 25-25 करोड़ का ऑफर देने का आरोप
पिछले सप्ताह आप ने आरोप लगाया था कि भाजपा ने उसके सात विधायकों को 25-25 करोड़ रुपए का ऑफर दिया था। यह पैसा आप विधायकों को पार्टी छोड़ने के लिए दिया जाना था। आप ने आरोप लगाया था कि भाजपा दिल्ली सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है। अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर इस संबंध में आरोप लगाए थे।
मंत्री अतिशी ने कहा था भाजपा ने लॉन्च किया ऑपरेशन लोटस 2.0
दिल्ली सरकार में मंत्री अतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि भाजपा ने ऑपरेशन लोटस 2.0 लॉन्च किया है। पिछले साल भी इन्होंने विधायकों को खरीदने के लिए इसी तरह की कोशिश की थी, लेकिन सफल नहीं हुए थे। 2022 में भाजपा ने आप के विधायकों को तोड़ने और अपनी पार्टी में शामिल कराने की कोशिश की थी।
आप के आरोप के बाद दिल्ली भाजपा प्रमुख वीजेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में दिल्ली बीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल 30 जनवरी को पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा से मिलने पहुंचा था। भाजपा नेताओं ने आप के खिलाफ शिकायत दी थी और सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा लगाए जा रहे आरोपों की जांच की मांग की। पुलिस कमिश्नर के साथ पुलिस मुख्यालय में बैठक के बाद सचदेवा ने कहा था कि केजरीवाल अपने आरोपों की जांच की मांग करते हैं, लेकिन आप से कोई भी सबूत लेकर आगे नहीं आ रहा है। इससे पता चलता है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप नेताओं द्वारा लगाए गए आरोप "पूरी तरह से निराधार" थे।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.