
कोच्चि। केरल के एर्नाकुलम में एक पांच साल की बच्ची के साथ रेप और फिर उसकी हत्या की सनसनीखेज खबर सामने आई है। हत्यारे ने गला घोंटकर बच्ची की जान ली। इसके बाद शव को बोरे में डालकर दलदली इलाके में फेंक दिया।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि शव मिलने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया गया। इससे पता चला कि बच्ची के साथ पहले रेप किया गया फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। शव अलुवा में एक स्थानीय बाजार के पीछे दलदली इलाके में मिला। लड़की शुक्रवार से लापता थी। शुक्रवार रात को ही पुलिस ने बच्ची की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़ा गया दरिंदा
एर्नाकुलम ग्रामीण के एसपी विवेक कुमार ने मीडिया को बताया कि पुलिस को शुक्रवार शाम 7.10 बजे लड़की के गायब होने की शिकायत मिली थी। शुक्रवार रात 8 बजे से पहले एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद बच्ची की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पाया कि एक मजदूर बच्ची के साथ था। उसे रात 9.30 बजे गिरफ्तार किया गया। उस वक्त वह नशे में था। बच्ची उसके साथ नहीं थी।
बिहार से आए दंपति की थी बच्ची
बच्ची बिहार से आए दंपति की थी। वह शुक्रवार शाम गैराज जंक्शन स्थित अपने घर से लापता हो गई थी। लड़की का शव स्थानीय बाजार के पीछे दलदली इलाके में एक बोरे में फेंका हुआ मिला था। हत्या से पहले बच्ची के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। उसके साथ रेप किया गया। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। शव जिस बोरे में डालकर फेंका गया उसे आरोपी ने कचरे और बोरियों से ढंक दिया था।
आरोपी ने कबूल किया गुनाह
सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम जानकारी के आधार पर पुलिस ने बिहार से आए एक मजदूर को गिरफ्तार किया। वह उस मकान के पहली मंजिल पर बने कमरे में रहता था जहां बच्ची का परिवार रहता था। नशे में होने के चलते वह शुक्रवार रात को पुलिस को जानकारी नहीं दे रहा था। कोच्चि रेंज के डीआइजी श्रीनिवास ए ने कहा, "शनिवार सुबह उसने अपराध कबूल कर लिया। उसने पहले जांच टीम को गुमराह करने की कोशिश की थी।"
इससे पहले स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया था कि उन्होंने शुक्रवार को बच्ची को बाजार के पास प्रवासी मजदूर के साथ देखा था। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तलाश किया गया तो बच्ची का शव मिला।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.