सीरियल किलर निकला रेप, हत्या केस में गिरफ्तार आरोपी, बताया किसे बनाता था शिकार

Published : Nov 28, 2024, 09:30 PM IST
Crime News

सार

गुजरात में एक युवती के रेप और हत्या के आरोपी ने चार और हत्याएं कबूलीं। उसने कई राज्यों में ट्रेनों में वारदातें की थी।

अहमदाबाद। गुजरात में 19 साल की एक लड़की से रेप और हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी सीरियल किलर निकला। पुलिस पूछताछ में उसने चार और हत्याएं करना स्वीकार किया। उसने एक महीने से भी कम समय में ये हत्याएं की। अधिकतर लोगों को ट्रेन में मारा।

गिरफ्तार आरोपी का नाम राहुल कर्मवीर जाट है। वह हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है। 24 नवंबर को उसे गुजरात के वलसाड के वापी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया था। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया था। कई जिलों में उसकी तलाश की गई। 2 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले गए।

5वीं क्लास में पढ़ाई छोड़ी, ट्रेन में यात्रियों की करने लगा हत्या

पुलिस ने बताया है कि आरोपी ने 5वीं क्लास में पढ़ाई छोड़ दी थी। उसने अपराध कबूल कर लिया है। वह जब भी किसी यात्री को अकेला पाता तो उसे लूटता और उनकी हत्या कर देता था। वह महिलाओं के साथ बलात्कार करता था। वह खासकर दिव्यांग यात्रियों के लिए बने ट्रेन के डिब्बों में वारदात को अंजाम देता था। वह घूमता रहता था, जिसके चलते पकड़ पाना मुश्किल था। ज्यादातर समय रेलवे प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में सोता था।

एसपी करणराज वाघेला ने बताया कि स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान में उसे रविवार रात को गिरफ्तार किया गया। हमें पता चला है कि वह कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और महाराष्ट्र में ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर लूट और हत्या के कम से कम चार मामलों में शामिल है।

उदवाड़ा रेलवे स्टेशन के पास मिला था युवती का शव

वलसाड पुलिस को महिला का शव 14 नवंबर को उदवाड़ा रेलवे स्टेशन के पास पटरियों के पास मिला था। फोरेंसिक जांच में पता चला कि उसके साथ बलात्कार किया गया था। मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गईं। इसके बाद आरोपी रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिया। उसने वही कपड़े पहने हुए थे जो उस इलाके से बरामद किए गए थे जहां महिला का शव मिला था। सीसीटीवी फुटेज में रेलवे स्टेशन पर आरोपी को खौफनाक अपराध को अंजाम देने के बाद खाना खाते देखा गया।

एसपी ने कहा कि वह यहां एक होटल से अपना वेतन लेने आया था। जहां वह काम करता था। यहां आने के दौरान उसने महिला के साथ रेप किया और उसकी हत्या कर दी। घटना के समय महिला ट्यूशन से घर लौट रही थी। आरोपी ने महिला के साथ रेप और हत्या करने से पहले और बाद में चार अन्य हत्याएं कीं।

आरोपी ने की थी सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के पास महिला की हत्या

गिरफ्तार किए जाने से एक दिन पहले उसने तेलंगाना के सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के पास एक ट्रेन में एक महिला को लूटा और उसकी हत्या कर दी। अक्टूबर में उसने महाराष्ट्र के सोलापुर रेलवे स्टेशन के पास एक ट्रेन में एक महिला का बलात्कार किया और उसकी हत्या की। उसने पश्चिम बंगाल के हावड़ा रेलवे स्टेशन के पास कटिहार एक्सप्रेस ट्रेन में एक बुजुर्ग व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या की। उस पर कर्नाटक के मुल्की में एक ट्रेन यात्री की हत्या का भी आरोप है।

जब आरोपी की तस्वीर कैदियों के राष्ट्रीय डाटाबेस में देखी गई तो पुलिस को पता चला कि उसे 2024 की शुरुआत में जोधपुर सेंट्रल जेल से रिहा किया गया था। वह डकैती के एक मामले में बंद था।

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Recommended Stories

Ariha Shah Case: साढ़े 4 साल से Germany में फंसी मासूम, मौसी ने बताया क्या है पूरा मामला
Delhi Red Fort Blast: डॉक्टर, प्रोफेसर और मौलवी ने कैसे बुनी साजिश? NIA रिमांड पर उगलेंगे राज़