हरियाणा ने यमुना नदी में छोड़ा 1 लाख क्यूसेक से अधिक पानी, दिल्ली में बाढ़ की चेतावनी जारी, बनाए गए कंट्रोल रूम

Published : Jul 10, 2023, 07:51 AM ISTUpdated : Jul 10, 2023, 07:54 AM IST
Delhi Rain

सार

हरियाणा ने हथनीकुंड बैराज से रविवार शाम चार बजे यमुना नदी में एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा। इसके चलते दिल्ली में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। दिल्ली सरकार ने बाढ़ को लेकर अलर्ट (Delhi Flood Alert) जारी किया है।

नई दिल्ली। हरियाणा ने रविवार को यमुना नदी में एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा है। इसके चलते दिल्ली में बाढ़ आने का खतरा पैदा हो गया है। राज्य सरकार ने बाढ़ को लेकर अलर्ट (Flood alert in Delhi) जारी किया है। शनिवार-रविवार को हुई रिकॉर्ड बारिश से दिल्ली पहले से पानी-पानी है। यमुना नदी में उफान आने से स्थिति और गंभीर होने की आशंका है।

दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने बताया कि हरियाणा ने हथनीकुंड बैराज से रविवार शाम चार बजे 1,05,453 क्यूसेक पानी छोड़ा है। इसके चलते बाढ़ की पहली चेतावनी जारी की गई है। आमतौर पर हथनीकुंड बैराज से 352 क्यूसेक पानी निकलता है। बैराज से छोड़े गए एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी को दिल्ली आने में करीब दो से तीन दिन लगते हैं।

तैनात की गईं त्वरित प्रतिक्रिया टीमें

बाढ़ की आशंका को देखते हुए दिल्ली सरकार के अधिकारियों को सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार त्वरित प्रतिक्रिया टीमें तैनात की गईं हैं। यमुना नदी के तटबंध के पास रहने वाले लोगों को सतर्क किया गया है। दिल्ली में नदी के पास के निचले इलाकों को बाढ़ का खतरा माना जाता है। यहां लगभग 37,000 लोग रहते हैं।

दिल्ली सरकार ने बनाए 16 कंट्रोल रूम

यमुना नदी के जलस्तर पर नजर रखने और बाढ़ संभावित इलाकों की निगरानी के लिए दिल्ली सरकार ने कदम उठाए हैं। राज्य सरकार ने एक सेंट्रल कंट्रोल रूम समेत 16 कंट्रोल रूम तैयार किए हैं। एक दिन पहले केंद्रीय जल आयोग ने कहा था कि दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। मंगलवार को इसके खतरे के निशान 205.33 मीटर के पार करने की संभावना है। केंद्रीय जल आयोग के बाढ़ नियंत्रण पोर्टल के अनुसार रविवार दोपहर एक बजे पुराने रेलवे पुल के पास जलस्तर 203.18 मीटर था। यहां खतरे का निशान 204.5 मीटर है। मंगलवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जलस्तर के 205.5 मीटर तक बढ़ने की संभावना है।

उत्तर पश्चिम भारत में दो दिन से हो रही बारिश

बता दें कि उत्तर पश्चिम भारत में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई है। इसके चलते नदियां उफना गईं हैं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में स्थिति अधिक गंभीर है।

यह भी पढ़ें- Heavy Rain Alert: दिल्ली-नॉर्थ इंडिया में बाढ़ के बीच झारखंड, बिहार, मप्र, से लेकर पंजाब-गुजरात तक भारी बारिश की चेतावनी

दिल्ली में टूटा बारिश का 41 साल का रिकॉर्ड

दिल्ली में रविवार को एक दिन में सबसे अधिक बारिश का 41 साल का रिकॉर्ड टूटा था। रविवार सुबह 8:30 बजे तक 24 घंटे में 153 mm बारिश हुई। इससे पहले 1982 में एक दिन में इतनी बारिश हुई थी। भारी बारिश के चलते दिल्ली के बड़े हिस्से में जल जमाव हुआ है। राज्य सरकार ने सोमवार को स्कूलों को बंद कर दिया है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में बारिश ने तोड़ा 41 साल का रिकॉर्ड, सड़कों पर भरा पानी, सीएम ने दिया आदेश- नहीं मिलेगी संडे की छुट्टी

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Recommended Stories

24 जनवरी की 7 बड़ी खबरें: ट्रंप का टैरिफ अल्टीमेटम, T20 वर्ल्ड कप से बाहर हो सकता है PAK, मौनी रॉय से बदसलूकी
ज्ञान पोस्ट क्या है? क्या डाक सेवा सच में भारत के बच्चों की पढ़ाई बदल सकती है?