
History of Dogs: पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के आवारा कुत्तों को शेल्टर होम में डालने का आदेश दिया। इसके बाद से कुत्तों को लेकर बहस चल रही है। पूछा जा रहा है कि इतने अधिक कुत्तों को रखा कहां जाएगा? सड़कों पर कुत्तों की बढ़ती भीड़ देख कई बार लोग सोचते हैं कि इतने कुत्ते कहां से आ गए। आइए इस सवाल को और अधिक पीछे ले जाते हैं। जानते हैं कि आखिर ये कुत्ते धरती पर कैसे आए। इनकी उत्पत्ति कैसे हुई। इंसानों से इनका क्या नाता है।
वैज्ञानिकों के अनुसार कुत्तों का विकास भेड़ियों से हुआ है। कुत्ते लगभग 1.3 लाख साल पहले पालतू बनाए गए भूरे भेड़िये के वंशज हैं। इंसानों द्वारा सेलेक्टिव ब्रीडिंग कराए जाने के चलते आज कुत्ते की बहुत सी अलग-अलग नस्लें हैं। हजारों साल पहले जब इंसान जंगलों में रहते थे और शिकार करते थे तब भेड़ियों से उनका सामना होता रहता था। उस समय इंसानों को खेती नहीं आती थी। कुछ भेड़िये कम डरपोक थे। वे भोजन के लिए मानव बस्तियों की ओर ज्यादा आकर्षित होते थे। इंसानों द्वारा दिया गया खाना खाते। समय के साथ ये भेड़िये ज्यादा पालतू होते गए और मानव समाज में ज्यादा घुल-मिल गए। इससे कुत्तों की अलग-अलग नस्लों का विकास हुआ। कुत्ता पहला जानवर है, जिसे इंसानों ने पालतू बनाया।
कुत्तों और इंसानों के इतिहास की टाइम लाइन को लेकर विवाद है। ज्यादातर वैज्ञानिक इस बात पर सहमत हैं कि कुत्तों को पहली बार शिकारी लोगों ने 9,000 से 34,000 साल पहले पालतू बनाया था। हाल के अध्ययनों से पता चलता है कि इंसानों ने पहली बार कुत्तों को लगभग 6,400-14,000 साल पहले पालतू बनाया था। कुत्तों को इंसान से खाना, रहने की जगह और सुरक्षा मिलती। वहीं, इंसान कुत्ते का इस्तेमाल शिकार में सहायता और रखवाली जैसे काम के लिए करते। आपसी हित के चलते दो प्रजातियों के बीच शुरू हुआ गठबंधन आज भी चला आ रहा है।
यह भी पढ़ें- भारत में 3 करोड़ आवारा कुत्ते, 3500 शेल्टर, कैसे होगा सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन?
आज दुनिया में 340 से अधिक नस्ल के कुत्ते हैं। इतने अधिक नस्ल के कुत्ते खास लक्षणों के लिए इंसान द्वारा सेलेक्टिव ब्रीडिंग कराए जाने के चलते विकसित हुए हैं। विक्टोरियन युग के दौरान कुत्तों के सेलेक्टिव ब्रीडिंग पर बहुत काम हुआ था।
यह भी पढ़ें- ये है दुनिया के 10 सबसे खतरनाक कुत्ते, खतरा दिखा तो पल भर में कर देते हैं अटैक