नवरात्रि 2026 के दौरान रेलवे ने व्रत रखने वाले यात्रियों को ट्रेनों और स्टेशनों पर सात्विक भोजन उपलब्ध कराने का फैसला लिया है। इस दौरान यात्रियों को बिना प्याज-लहसुन के खाने के साथ व्रत स्पेशल थाली, फलाहार और जूस जैसी सुविधाएं दी जाएंगी।

Navratri Special Train Food: 19 मार्च से 27 मार्च तक चलने वाले नौ दिनी उत्सव नवरात्रि के दौरान रेलवे ने यात्रियों के लिए खास इंतजाम किया है। इस दौरान ट्रेनों में सफर करने वाले व्रतधारियों को रेलवे बिना लहसुन-प्याज वाला शुद्ध और सात्विक भोजन उपलब्ध कराएगा। नवरात्रि के मौके पर रेलवे ने पेंट्रीकार में बिना प्याज और लहसुन का भोजन देने का फैसला किया है। खासतौर पर व्रत रखने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा शुरू की जा रही है, ताकि वे अपनी आस्था के अनुसार भोजन कर सकें।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

स्टेशनों पर भी बदले जाएंगे खानपान के मेनू

रेलवे प्रशासन ने स्टेशन पर चलने वाले खानपान स्टॉल संचालकों को भी निर्देश दिए हैं कि वे नवरात्रि के दौरान अपने मेनू में बदलाव करें। नवरात्रि के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु रेल से यात्रा करते हैं, इसलिए उनकी धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना जरूरी है।

कैटरिंग स्टाफ को सख्त निर्देश

कैटरिंग स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं कि भोजन पूरी तरह सात्विक और तय मानकों के अनुसार ही तैयार किया जाए। ट्रेनों में यात्रियों को फल, जूस, दूध और अलग-अलग प्रकार के फलाहार दिए जाएंगे।

व्रत रखने वालों के लिए विशेष भोजन

रेलवे ने व्रतधारियों के लिए खास व्रत थाली भी तैयार की है। इसमें सेंधा नमक से बने व्यंजन शामिल होंगे, जैसे:

  • आलू-जीरा
  • साबूदाने की खीर
  • अन्य सात्विक व्यंजन
  • नाश्ते में केला, सेब और अन्य फल भी दिए जाएंगे।

व्रत स्पेशल थाली के विकल्प

यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रकार की थालियां उपलब्ध रहेंगी:

  • पहली थाली: फल, पकौड़ी और दही
  • दूसरी थाली: पराठा, साबूदाना खिचड़ी और तीन तरह की सब्जियां
  • तीसरी थाली: आलू की सब्जी, दो पराठे और साबूदाने की खीर
  • चौथी थाली: आलू और पनीर पराठा

फलाहार में कुट्टू की पकौड़ी, दही, साबूदाना खिचड़ी, खीर, सिंघाड़ा और व्रत के मसालों से बने व्यंजन भी शामिल होंगे।

यात्रियों को मिलेगी आसान जानकारी

यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में जगह-जगह सूचना पट्टिकाएं लगाई जाएंगी। प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि बाहर से आने वाले यात्रियों को जनाहार केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो।