
Hyderabad: हैदराबाद की एक 60 साल की महिला से 2.8 करोड़ रुपए की ठगी हुई है। वेस्ट इंडीज के प्रसिद्ध क्रिकेटर क्रिस गेल के नाम पर महिला से पैसे लिए गए। महिला को झांसा देकर फर्जी कॉफी पाउडर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी में निवेश कराया गया था। उसे ठगने वालों में महिला का भाई भी शामिल है। महिला ने छह लोगों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कराया है।
महिला को 5.7 करोड़ रुपए की निवेश योजना में बहुत अधिक रिटर्न मिलने का वादा किया गया था। 2019 में महिला से उसके भाई और उसकी पत्नी ने संपर्क किया था। उसे निवेश पर 4% मासिक रिटर्न देने का वादा किया था। दावा किया था कि निवेश किया गया पैसा केन्या की एक कॉफी पाउडर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी को मिलेगा। कंपनी अमेरिका में एक नई इकाई के साथ विस्तार कर रही है। ठगों ने महिला को क्रिस गेल की तस्वीरें और वीडियो दिखाए। दावा किया कि गेल कंपनी के प्रमोटर हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों ने महिला को बताया कि कंपनी का मालिक उन्हें जानता है। आरोपियों में से एक कंपनी में साझेदार बनने जा रहा है। अपने भाई पर भरोसा कर महिला ने 2.8 करोड़ रुपए का निवेश किया। उसने परिवार के सदस्यों और दोस्तों को 2.2 करोड़ और निवेश करने के लिए कहा। अन्य लोगों ने 70 लाख का निवेश किया। शुरू में आरोपियों ने निवेशकों को विश्वास दिलाने के लिए रिटर्न दिया। हालांकि, कुछ समय बाद पैसे मिलना बंद हो गए। महिला ने अपने भाई से इस बारे में पूछा तो उसने कहा कि कंपनी की अमेरिकी इकाई चालू है।
महिला ने पैसे नहीं मिलने को लेकर सवाल करने शुरू किए तो आरोपी उससे दूर रहने लगे। महिला ने अपने भाई से इस बारे में बात की तो गालियां दीं। पीड़ितों ने 5.7 करोड़ का निवेश किया था। उन्हें 90 लाख रुपए का रिटर्न मिला।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.