
नई दिल्ली. भारत में कोरोनावायरस की दूसरी लहर खतरनाक होती दिख रही है। ये महामारी एक बार फिर से देशभर में अपने पैर तेजी से पसार रही है। हर दिन हजारों पॉजिटिव केस सामने आ रहे हैं। सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से सामने आए हैं। ऐसे में भारत सरकार कोरोना पर काबू पाने के लिए वैक्सीनेशन प्रोग्राम में जोर-शोर से लगी हुई है। सरकार की पूरी कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाए। इसी बीच पिछले 24 घंटे में वैक्सीनेशन का नया रिकॉर्ड बना है। 36 लाख से भी ज्यादा लोगों को ये टीका दिया गया।
36 लाख से ज्यादा लगा टीका
पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 36,71,242 लोगों को कोरोना वायरस वैक्सीन लगाई गई है। इससे पहले 22 मार्च तो सबसे ज्यादा 34.28 लाख लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई थी। इसके साथ ही 6,87,89,138 लोगों को अब तक कोरोना वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
किस-किस को लग चुकी है वैक्सीन
इसमें 83,06,269 लाख हैल्थकेयर वर्कर्स (पहली डोज), 52,84,564 एचसीडब्ल्यू (दोनों डोज), 93,53,021 फ्रंटलाइन वर्कर्स (पहली डोज) और 40,97634 एफएलडब्ल्यूज़ (दोनों डोज), 97,83,615 (पहली डोज) और 39,401 (दूसरी डोज) लोग है, जिनकी 45 साल से ज्यादा उम्र है। 3,17,05,893 (पहली डोज) और 2,18,741 (दूसरी डोज) उन लोगों को लगाई गई, जिनकी 60 साल से ज्यादा उम्र है।
इन लोगों को दी जा रही वैक्सीन
बता दें कि देश में गुरुवार से 45 साल और इससे अधिक आयु के सभी लोगों के लिए कोविड-19 रोधी टीकाकरण शुरू हो गया। टीकाकरण अभियान का दायरा और गति बढ़ाने के लिए केंद्र ने पूरे अप्रैल भर सरकारी छुट्टियों के दौरान भी सभी सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के कोविड-19 टीकाकरण केंद्रों को संचालित करने का निर्णय किया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने जारी किया बयान
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि केंद्र सरकार ने सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को बृहस्पतिवार को पत्र लिखकर उनसे इसके लिए आवश्यक प्रबंध करने के लिए कहा है। मंत्रालय ने कहा कि 'कोविड-19 के टीकाकरण की गति और कवरेज को बढ़ाने के लिए 31 माार्च को सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद यह कदम उठाया गया है।' मंत्रालय ने कहा कि 'टीकाकरण की प्रक्रिया की नियमित समीक्षा और निगरानी उच्चतम स्तर पर जारी है।'
अब तक लगाए गए 6 करोड़ से ज्यादा टीके
मंत्रालय ने बताया कि देश भर में गुरुवार को कोविड-19 के कुल 17,47,094 टीके लगाए गए और इसके साथ ही अब तक लगाए गए टीकों की कुल संख्या 6.75 करोड़ को पार कर गई। इनमें स्वास्थ्यकर्मी, अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मी, 60 साल से अधिक आयु के लोग और अन्य बीमारियों से पीड़ित 45 साल से अधिक आयु के लोग शामिल हैं। देश में 16 जनवरी को स्वास्थ्यकर्मियों (एचसीडब्ल्यू) और दो फरवरी से अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मियों (एफएलडब्ल्यू) को टीका लगाने का काम शुरू हुआ था।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.