राज्यों का हालः महाराष्ट्र होटल और जिम बनेंगे क्वारंटाइन सेंटर, ग्वालियर में 48 घंटे का टोटल लॉकडाउन

Published : Apr 01, 2020, 10:59 AM ISTUpdated : Apr 01, 2020, 03:52 PM IST
राज्यों का हालः महाराष्ट्र होटल और जिम बनेंगे क्वारंटाइन सेंटर, ग्वालियर में 48 घंटे का टोटल लॉकडाउन

सार

कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 1600 के पार पहुंच गई है। इसके साथ ही मरने वालों की संख्या भी 50 हो गई है। देश के 16 शहरों को हॉटस्पॉट घोषित किया गया है, जिसमें दिल्ली, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के दो शहरों को हॉटस्पॉट घोषित किया गया है, जहां सामुदायिक संक्रमण का खतरा ज्यादा है। 

नई दिल्ली. देश भर में कोरोना वायरस का असर बढ़ता जा रहा है। कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 1600 के पार पहुंच गई है। इसके साथ ही मरने वालों की संख्या भी 50 हो गई है। हालांकि अब तक इस बीमारी से 150 लोग ठीक भी हो चुके हैं। देशभर में 21 दिनों का लॉकडाउन जारी है। वहीं, मरकज से पैदा हुए संकट के बाद मध्यप्रदेश के ग्वालियर और भिंड जिले में 48 घंटे का टोटल लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। इसके साथ ही महाराष्ट्र सरकार ने प्रदेश में बढ़ रहे मरीजों की संख्या को देखते हुए होटल, जिम, स्कूल और कॉलेज को क्वारंटाइन सेंटर बनाने का निर्णय लिया है। 

आज बुधवार को लॉकडाउन का आठवां दिन है। बावजूद इसके संक्रमण का असर रूकने का नाम नहीं ले रहा है। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में  संक्रमण का कहर तेजी से बढ़ रहा है। महाराष्ट्र में अल सुबह 18 नए मरीज सामने आए है तो वहीं मध्यप्रदेश में 20 नए मरीज सामने आए हैं। ऐसे में जानिए देश के सबसे प्रभावित राज्यों का हाल- 

महाराष्ट्र- महाराष्ट्र में बुधवार की सुबह 18 नए मामले सामने आए हैं। जिससे यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 320 हो गई है। प्रदेश में सबसे ज्यादा संक्रमित मुंबई में हैं। यहां 96 मरीज है। मुंबई में 16 और पुणे में 2 और लोगों को कोरोना संक्रमित पाया गया है। मंगलवार को 64 नए मामले सामने आए थे। पुणे के कलेक्टर नवल किशोर राम ने बताया कि जिले से दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित मरकज की जमात में 130 लोग शामिल हुए थे। इनमें से कई लोगों का पता नहीं चल रहा है। उनकी तलाश की जा रही है। 60 लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है। इन सब के इतर प्रदेश में संक्रमण से मौत का भी दौर जारी है अब तक 12 कोरोना संक्रमित मरीजों ने अपनी जान गंवाई है।

मध्यप्रदेश- बुधवार को यहां 20 नए मामले सामने आए हैं। हालांकि, ये 20 संक्रमित किस जिले या शहर के हैं यह जानकारी अभी साफ नहीं हो पाई है। वहीं मंगलवार को भी 19 पॉजिटिव मरीज मिले थे। इंदौर में संक्रमितों की संख्या 44 हो गई है। जबकि जबलपुर में भी मरीजों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। मध्यप्रदेश का इंदौर शहर संक्रमण का केंद्र बनता जा रहा है। वहीं, प्रदेश में मरने वालों की संख्या 4 हो गई है।  

केरल- राज्य में मंगलवार को 7 संक्रमित मिले हैं। जबकि सोमवार को 32 केस मिले थे। राज्य के सभी 14 जिले संक्रमण के चपेटे में हैं। सबसे ज्यादा 109 मरीज कासरगोड़ में हैं। केरल में अभी तक दो लोगों की मौत भी हो चुकी है। केरल सरकार संक्रमण रोकने के लिए लगातार कोशिश कर रही है। बावजूद इसके प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 241 तक पहुंच गई है।  

राजस्थान- राज्य में मंगलवार को 14 नए मामले सामने आए। जयपुर, झुंझुनूं, डूंगरपुर, अजमेर में 1-1 व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। साथ ही ईरान से एयरलिफ्ट करके लाए गए लोगों में से 10 लोग भी संक्रमित पाए गए हैं। जिसके बाद प्रदेश में पॉजिटिव केसों की संख्या 93 हो गई है, जिसमें से मात्र 3 लोग ही ठीक हुए हैं। जबकि 2 लोगों की मौत हुई है। राज्य सरकार ने राजस्थान में कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए सख्त लॉकडाउन लागू किया है। 

उत्तरप्रदेश- प्रदेश में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। मंगलवार को यहां बरेली में 5 नए मामले सामने आए, उसके बाद शाम तक 3 और केस भी पॉजिटिव मिले। राज्य में सोमवार को 24 कोरोना संक्रमित मिले थे। सबसे ज्यादा 30 कोरोना पॉजिटिव गौतम बुद्ध नगर में हैं। उत्तरप्रदेश पुलिस का कहना है कि राज्य में उन 157 लोगों को भी तलाश लिया गया है, जो निजामुद्दीन स्थित मरकज के तब्लीगी इज्तिमा में शामिल हुए थे। जिसके बाद प्रदेश में कोरोना से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 104 हो गया है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 17 लोग ठीक हो चुके हैं और राहत की बात यह है कि इस बीमारी से अभी तक किसी की मौत नहीं हुई है। 

बिहार- राज्य में मंगलवार को 6 पॉजिटिव मिले हैं। जिसके बाद प्रदेश में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 21 हो गई है। बिहार में सबसे पहला केस तब सामने आया जब एक शख्स की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। जिसके बाद यहां कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं, राज्य सरकार ने लॉकडाउन की वजह से पलायन कर बिहार पहुंच मजदूरों को बॉर्डर पर ही रोक दिया है। उन्हें कैंपों में रखा जा रहा है। ताकि कोरोनो के बढ़ते संक्रमण को रोका जा सके। 

दिल्ली- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हजरत निजामुद्दीन इलाके में मरकज में लोगों के मिलने से हड़कंप मच गया है। सभी को हॉस्पिटल में आइसोलेट किया गया है। दिल्ली में मंगलवार को 23 नए केस सामने आए। सोमवार को भी 25 मामले मिले थे। 

तेलंगाना- यहां मंगलवार को 15 नए मामले सामने आए। स्वास्थ्य मंत्री ई राजेंद्र ने कहा- राज्य में कोरोना वायरस के सभी 15 नए संक्रमित निजामुद्दीन मरकज से वापस लौटे थे। सबसे ज्यादा 36 संक्रमित हैदराबाद में हैं। राज्य के मंत्री केटी रामाराव का कहना है कि प्रदेश की सीमा पर दूसरे राज्यों से आए 9 लाख मजदूर हैं। हम हैदराबाद में 170 कैम्प बनाने में सक्षम हैं। उन्हें वहीं जरूरी सामान मुहैया कराने को कहा गया है।  राज्य में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 92 हो गई है। जबकि 8 लोगों की मौत हुई है। 

देश के 16 हॉट स्पॉट, जहां सामुदायिक संक्रमण का खतरा 

1- दिलशाद गार्डन, दिल्ली
2- निजामुद्दीन, दिल्ली
3- पथनमथिट्टा, केरल
4- कारसगोड, केरल
5- नोएडा, उत्तर प्रदेश
6- मेरठ, उत्तरप्रदेश
7- भीलवाड़ा, राजस्थान
8- जयपुर, राजस्थान
9- मुंबई, महाराष्ट्र
10- पुणे, महाराष्ट्र
11- अहमदाबाद, गुजरात
12- इंदौर, मध्य प्रदेश
13- नवांशहर, पंजाब
14- बेंगलुरू, कर्नाटक
15- अंडमान-निकोबार
16- इरोड, तमिलनाडु

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Recommended Stories

Modi-Macron Meeting: पीएम बोले-हम एवरेस्ट की ऊंचाई तक उड़ने वाला हेलिकॉप्टर बनाएंगे, मोदी-मैक्रों की 5 बड़ी बातें
Assembly Election 2026: मार्च में तारीखों का ऐलान संभव, अप्रैल में हो सकती है बंगाल-असम समेत इन 5 राज्यों में वोटिंग