Canada Shooting: सरे में वॉलमार्ट के बाहर 23 वर्षीय गगनप्रीत रेहल और 24 वर्षीय सुखजीत कौर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस को टारगेटेड शूटिंग और संगठित अपराध का शक है। 13 मिनट बाद जली कार की भी जांच हो रही है। पढ़ें पूरी खबर।

Canada Shooting: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित सरे (Surrey) में वॉलमार्ट स्टोर के बाहर भारतीय मूल के एक युवा जोड़े की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों को 15 नवंबर की रात पार्किंग में गोली लगी हालत में पाया गया था। पुलिस को शक है कि इस वारदात को सोच-समझकर अंजाम दिया गया और इसके पीछे संगठित अपराध से जुड़े लोग हो सकते हैं। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय गगनप्रीत (गैरी) रेहल और 24 वर्षीय सुखजीत कौर के रूप में हुई है।

Surrey Walmart Shooting: रात 10:38 बजे हुई फायरिंग

  • सरे पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर की रात करीब 10:38 बजे 88 एवेन्यू और 124 स्ट्रीट के पास वॉलमार्ट पार्किंग में गोलीबारी की सूचना मिली।
  • मौके पर पहुंचे बचावकर्मियों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
  • दोनों ब्रिटिश कोलंबिया के डेल्टा इलाके में रहते थे।
  • पुलिस के अनुसार, रेहल का पहले हथियारों और फायरआर्म्स से जुड़े मामलों में पुलिस से सामना हुआ था, जबकि सुखजीत के कनाडा में बहुत कम परिचित थे।

Canada Double Murder: 13 मिनट बाद जली कार, जांच में नया सुराग

  • गोलीबारी के करीब 13 मिनट बाद पास के प्रिंसेस ड्राइव इलाके में एक कार में आग लगने की सूचना मिली।
  • जांचकर्ताओं को शक है कि जली हुई कार का इस दोहरे हत्याकांड से संबंध हो सकता है। पुलिस उसके occupants की पहचान करने में जुटी है।
  • इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) ने जांच अपने हाथ में ले ली है। पुलिस ने इसे टारगेटेड शूटिंग मानते हुए संगठित अपराध से संभावित संबंध की जांच शुरू की है।

Langley Murder Case: जलती कार में मिला था भारतीय युवक का शव

इससे पहले 29 अक्टूबर को लैंगली में जलती कार से 25 वर्षीय तुषार शर्मा के अवशेष मिले थे। वह सरे के रहने वाले थे। IHIT के मुताबिक, उनका आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और कनाडा में उनके सीमित परिचित थे। जांचकर्ताओं को उनकी मौत भी टारगेटेड घटना लग रही है, हालांकि वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।