Bahrain Attack: ईरान की IRGC ने बहरीन और कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन व मिसाइल से हमला किया है। ईरान ने अमेरिका के दो पैट्रियट एयर डिफेंस रडार नष्ट करने और होर्मुज में दो अमेरिकी ड्रोन मार गिराने का दावा किया है। जानें खाड़ी देशों की ताजा स्थिति।
तेहरान: खाड़ी क्षेत्र में एक बार फिर बारूद की गंध तेज हो गई है। कुछ हफ्तों की शांति के बाद ईरान ने बहरीन और कुवैत में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर सीधे टकराव की स्थिति पैदा कर दी है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर दो पैट्रियट एयर डिफेंस रडार तबाह कर दिए। इस बीच बहरीन में संभावित खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों से धुआं उठने की तस्वीरें भी सामने आई हैं।
Iran Bahrain Attack: अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल-ड्रोन हमला
- ईरानी सरकारी टीवी चैनल IRIB के मुताबिक, IRGC ने मिसाइल और ड्रोन से संयुक्त हमला किया।
- संगठन ने अल-रिफा और अवाली में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मौजूद दो पैट्रियट रडार नष्ट करने का दावा किया है।
- IRGC ने इसे ईरानी हवाई क्षेत्र के कथित उल्लंघन और हेंगाम द्वीप के रडार इंस्टॉलेशन पर अमेरिकी हमले का जवाब बताया।
- ईरान ने चेतावनी दी है कि उसके हवाई क्षेत्र का दोबारा उल्लंघन हुआ तो निर्णायक जवाब दिया जाएगा।
Bahrain Alert: नागरिकों को सुरक्षित जगह जाने की सलाह
- बहरीन के गृह मंत्रालय ने संभावित खतरे को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और नजदीकी सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है।
- मंत्रालय ने लोगों से आधिकारिक माध्यमों से मिलने वाले अपडेट पर नजर रखने को कहा है।
- सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बहरीन के कुछ हिस्सों से धुआं उठता दिखाई दे रहा है।
- कुछ रिपोर्टों में रिहायशी इलाके को नुकसान पहुंचने की बात कही गई है। आशंका है कि यह एयर डिफेंस से रोके गए हथियारों के मलबे से हुआ हो।
Gulf Tension: कुवैत और UAE तक पहुंचा हमलों का असर
- IRGC ने होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर अमेरिकी MQ-1 और MQ-9 ड्रोन गिराने का भी दावा किया है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
- कुवैत ने ड्रोन हमले के खतरे के बीच अपना एयर डिफेंस सक्रिय किया है। वहीं, बहरीन ने बुधवार तड़के ईरानी हमले को नाकाम करने की जानकारी दी।
- सऊदी अरब, कतर, कुवैत और UAE ने इन हमलों की निंदा की है। अरब देशों ने समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए कूटनीतिक बातचीत से तनाव कम करने की अपील की है।
















