मध्य प्रदेश के शाजापुर में शादी के बाद विदाई की रस्म उस वक्त हंगामे में बदल गई, जब दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच नेग और कपड़ों की मांग को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दुल्हन के परिवार ने विदाई रोक दी और दूल्हा अपने परिजनों के साथ बिना दुल्हन के ही रह गया।

मध्य प्रदेस के शाजापुर में शादी की खुशियां उस वक्त हंगामे में बदल गईं, जब विदाई के समय दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच जमकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दुल्हन के परिवार ने बेटी को विदा करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दूल्हा अनुराग यादव अपने परिवार के साथ बिना दुल्हन के ही शाजापुर में रुक गया। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए जा रहे हैं।

100 साड़ी और कपड़ों की मांग का आरोप

  • दुल्हन के चाचा और भाजपा पार्षद सुनील पेंटर ने आरोप लगाया कि दूल्हा पक्ष शादी से पहले ही 100 साड़ी और 100 जोड़ी कपड़े देने का दबाव बना रहा था। जब दुल्हन के परिवार ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देकर इतनी व्यवस्था करने में असमर्थता जताई, तो इसके बदले नकद रुपए मांगे जाने लगे।
  • सुनील पेंटर के मुताबिक, दुल्हन के पिता की छोटी सी चाय की गुमटी है। उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे इतनी बड़ी मांग पूरी कर सकें। आरोप है कि इसी बात को लेकर दूल्हा पक्ष ने गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दूल्हा पक्ष के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज का केस दर्ज किया है।

जूता चुराई के नेग पर विवाद होने की बात

वहीं, दूल्हा पक्ष ने दहेज और कपड़ों की मांग के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि विवाद की असली वजह जूता चुराई की रस्म थी। इस दौरान दुल्हन के चचेरे भाई ने नेग के रूप में 25 हजार रुपए मांगे थे। दूल्हा पहले 500 और फिर 1100 रुपए देने को तैयार था, लेकिन दुल्हन पक्ष के लोग नहीं माने। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और विदाई रोक दी गई।

7-8 महीने पहले तय हुआ था रिश्ता

  • जानकारी के मुताबिक, उज्जैन निवासी 23 वर्षीय अनुराग यादव और शाजापुर की योगिता का रिश्ता करीब 7-8 महीने पहले तय हुआ था। शुक्रवार 20 नवंबर को गैस गोडाउन रोड पर दोनों की शादी हुई। शादी की सभी रस्में शांतिपूर्वक पूरी हो गई थीं।
  • शाम करीब 5 से 5:30 बजे जब विदाई का समय आया, तभी दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दुल्हन पक्ष ने विदाई करने से मना कर दिया। शनिवार को भी दूल्हा अपने परिजनों के साथ शाजापुर में ही रुका रहा। फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों के आरोप चर्चा में हैं।