प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे की तस्वीरें चर्चा में हैं। पीएम मोदी ने नीतीश कुमार को गले लगाया, वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ कदमताल करते नजर आए। इस दौरान चिराग पासवान भी मौजूद रहे। इन तस्वीरों के जरिए आखिर पीएम मोदी बिहार की राजनीति को क्या संदेश देना चाहते हैं?

पटना. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार दौरा सिर्फ विकास परियोजनाओं के उद्घाटन तक सीमित नहीं रहा। वैशाली में उनकी एक के बाद एक सामने आई तस्वीरों ने बिहार की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। कहीं पीएम मोदी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ कदमताल करते दिखे, तो कहीं चिराग पासवान उनके साथ नजर आए। सबसे ज्यादा चर्चा उस तस्वीर की हो रही है, जिसमें मोदी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गर्मजोशी से गले लगाते दिखाई दिए।

दरअसल, शनिवार 21 नवंबर को पीएम मोदी बिहार के वैशाली पहुंचे थे। यहां उन्होंने गंगा नदी पर बने छह लेन के 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन किया। इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और अन्य नेता भी मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। दोनों नेताओं की मुलाकात और गले मिलने की तस्वीरों ने सबका ध्यान खींचा।

नीतीश को सम्मान, सम्राट के साथ नई तस्वीर

  • बिहार की राजनीति में इन तस्वीरों के कई मायने निकाले जा रहे हैं। नीतीश कुमार के नाम पर बने पुल का उद्घाटन कर पीएम मोदी ने उनके राजनीतिक योगदान को भी चर्चा में ला दिया। वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ उनकी मौजूदगी यह संदेश देती दिखी कि बिहार में NDA की नई सरकार और केंद्र के बीच तालमेल को प्रमुखता दी जा रही है।
  • चिराग पासवान की मौजूदगी भी अहम रही। वह हाजीपुर से सांसद होने के साथ केंद्र सरकार में मंत्री हैं। उन्होंने नीतीश सेतु को डबल इंजन सरकार के विजन से जोड़ते हुए बिहार के विकास की बात कही।

34,470 करोड़ रुपये का विकास प्लान

  • पीएम मोदी ने बिहार में करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें सड़क, बिजली, शहरी सुविधाएं, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।
  • करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बना 19.7 किलोमीटर लंबा नीतीश सेतु पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवाजाही आसान होगी और पुराने पुलों पर ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
  • इसके अलावा 100 पीएम ई-बसों को रवाना किया गया और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से ज्यादा लाभार्थियों के गृह प्रवेश का कार्यक्रम भी हुआ।

क्या है मोदी का बिहार प्लान?

पीएम मोदी की इन तस्वीरों और घोषणाओं को एक साथ देखें तो बिहार में NDA की एकजुटता, सहयोगियों को साथ लेकर चलने और विकास के एजेंडे को आगे रखने की कोशिश साफ नजर आती है। नीतीश को सम्मान, सम्राट के साथ नई सरकार का संदेश और चिराग की मौजूदगी, तीनों के जरिए बिहार की राजनीति में गठबंधन की ताकत दिखाने की कोशिश भी मानी जा रही है।