Nitish Setu Bridge : गंगा नदी पर बने 6 लेन के नीतीश सेतु के उद्घाटन से पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन पहले से आसान होने की उम्मीद है। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पुल की लंबाई, निर्माण में लगा समय और इससे किन इलाकों के लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा, जानिए इसकी खासियतें।

पटना. बिहार में गंगा नदी पर बने नए छह लेन पुल ने उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली में कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन किया। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर इस पुल को ‘नीतीश सेतु’ नाम दिया गया है। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पुल पटना और वैशाली के बीच आवागमन को आसान बनाने के साथ गांधी सेतु पर ट्रैफिक का दबाव भी कम करने में मदद करेगा।

19.76 किलोमीटर लंबी परियोजना, गंगा पर 9.76 KM पुल

कच्ची दरगाह-बिदुपुर परियोजना की कुल लंबाई 19.76 किलोमीटर है। इसमें गंगा नदी पर 9.76 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और करीब 10 किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग शामिल है। यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। पुल छह लेन का है और इसे आधुनिक एक्स्ट्राडोज्ड केबल तकनीक से तैयार किया गया है।

करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत

इस परियोजना के निर्माण में हजारों करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। उद्घाटन के दौरान सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, पुल की लागत करीब 4,280 करोड़ रुपये बताई गई है। हालांकि परियोजना की स्वीकृत कुल लागत भूमि अधिग्रहण समेत 4,988.40 करोड़ रुपये रही है। इस परियोजना की योजना 2012 में शुरू हुई, 2015 में आधारशिला रखी गई और निर्माण कार्य 2017 में शुरू हुआ। इस तरह योजना से उद्घाटन तक इसे पूरा होने में करीब 14 साल लगे।

किन लोगों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?

  • इस पुल से राघोपुर दियारा के लोगों को सबसे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। गंगा से घिरे इस इलाके के लोगों को पटना पहुंचने के लिए बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। अस्पताल, शिक्षण संस्थानों और बाजारों तक पहुंच आसान होगी।
  • इसके अलावा वैशाली, हाजीपुर और उत्तर बिहार के अन्य इलाकों से पटना आने-जाने वाले यात्रियों को भी फायदा होगा। गांधी सेतु पर यातायात का दबाव कम होने, कृषि उत्पादों और मालवाहक वाहनों की आवाजाही आसान होने तथा व्यापार और क्षेत्रीय विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
Scroll to load tweet…