सहारनपुर पुलिस से बड़ी चूक हो गई। सुप्रीम कोर्ट के जज की जगह पुलिस ने गलती से AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। जानिए पूरा मामला और नियम।
Asaduddin Owaisi Guard of Honor VIDEO: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शनिवार सुबह एक ऐसा वाकया हुआ, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। सर्किट हाउस में तैनात यूपी पुलिस ने भारी कन्फ्यूजन में AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी को 'गार्ड ऑफ ऑनर' (सलामी) दे दिया। जबकि ये पूरी तैयारी ओवैसी के लिए नहीं, बल्कि सुप्रीम कोर्ट के जज के लिए की गई थी। अब इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आइए जानते हैं कि सर्किट हाउस में आखिर ऐसा क्या हुआ कि पुलिसकर्मी कंफ्यूजन में आ गए और बाद में महकमे में हड़कंप मच गया...
आखिर कैसे हो गई इतनी बड़ी गलती?
शनिवार सुबह करीब 11 बजे सहारनपुर के सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के एक जज को पहुंचना था। प्रोटोकॉल के तहत जज साहब को सम्मान देने के लिए पुलिस की एक टुकड़ी पहले से ही वहां मुस्तैद थी और सलामी देने की पूरी तैयारी कर चुकी थी। जज साहब के पहुंचने से ठीक पहले ही असदुद्दीन ओवैसी बिना किसी तय कार्यक्रम के अचानक सर्किट हाउस पहुंच गए। वहां खड़ी पुलिस की टीम को लगा कि शायद यही वीआईपी गेस्ट हैं, जिनके लिए उन्हें बुलाया गया है। बस इसी गलतफहमी में पुलिसवालों ने ओवैसी को पूरे सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। जैसे ही पुलिस अधिकारियों को अपनी इस चूक का अहसास हुआ, उनके हाथ-पांव फूल गए और विभाग तुरंत डैमेज कंट्रोल में जुट गया।
ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर का VIDEO
'गार्ड ऑफ ऑनर' क्या होता है और किसे मिलता है?
ये पुलिस या सेना की एक खास टुकड़ी द्वारा दी जाने वाली औपचारिक परेड और सलामी है, जो तय संवैधानिक नियमों के तहत दी जाती है। ये सम्मान राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट के जज और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों को मिलता है। नियमों के अनुसार, किसी भी सांसद या विधायक को सामान्य दौरे पर गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी नहीं दी जा सकती है। यही वजह है कि ओवैसी को सलामी मिलने पर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
सहारनपुर क्यों पहुंचे थे ओवैसी?
सहारनपुर दौरे पर पहुंचे असदुद्दीन ओवैसी के साथ नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद भी नजर आए। दोनों नेताओं ने सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने के मामले को लेकर एडीएम लवी त्रिपाठी से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपकर इस कार्रवाई की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। इस दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' के लिए समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि 'पूरे भरोसे के साथ इस मोर्चे का साथ दें, पहले हम लखनऊ जीतेंगे और उसके बाद दिल्ली की तरफ रुख करेंगे।'
















