UP Election 2027 से पहले ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन का फैसला किया है। दलित-मुस्लिम वोटों को एकजुट करने की इस कोशिश से क्या यूपी में तीसरा मोर्चा बनेगा? अखिलेश यादव की PDA रणनीति पर कितना असर पड़ेगा और सीटों का फॉर्मूला क्या होगा?
UP Politics 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अभी काफी वक्त है, लेकिन सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। लखनऊ के गलियारों से आ रही खबरें अगर सच साबित हुईं, तो यूपी की राजनीति में एक नया और बेहद दिलचस्प अध्याय जुड़ने वाला है। खबर है कि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद गुरुवार को लखनऊ में एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं, जिसमें दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन का औपचारिक ऐलान हो सकता है। इस गठबंधन की सबसे बड़ी चर्चा दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक साझा राजनीतिक मंच पर लाने को लेकर है। सवाल है कि क्या यह नया मोर्चा यूपी की चुनावी लड़ाई को त्रिकोणीय बना सकता है और इसका असर अखिलेश यादव की PDA रणनीति पर भी पड़ेगा?
गठबंधन की आहट: तीसरे मोर्चे का उदय?
यह प्रस्तावित गठबंधन यूपी में एक तीसरे राजनीतिक मोर्चे की नींव रख सकता है। यह मोर्चा सीधे तौर पर बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए और सपा-कांग्रेस के 'इंडिया' गठबंधन को चुनौती देगा। AIMIM के प्रवक्ता शादाब चौहान ने गठबंधन की पुष्टि तो की है, लेकिन इसके स्वरूप को लेकर सस्पेंस बरकरार रखा है। उन्होंने कहा, "समझौते का विवरण गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सामने आएगा।" दोनों नेता लखनऊ पहुंच चुके हैं, लेकिन गठबंधन की बारीकियों पर चुप्पी साधे हुए हैं।
Owaisi-Chandrashekhar Alliance: करीब 40% आबादी पर नजर
इस प्रस्तावित गठबंधन का चुनावी आधार दलित और मुस्लिम मतदाता माने जा रहे हैं। ANI के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की आबादी में मुस्लिम समुदाय की हिस्सेदारी करीब 19 प्रतिशत और अनुसूचित जातियों की लगभग 21 प्रतिशत है।
- दोनों समुदायों को मिलाकर आबादी का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा बनता है।
- ओवैसी की AIMIM मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ बढ़ाना चाहती है।
- 2024 में नगीना से लोकसभा चुनाव जीतने के बाद चंद्रशेखर आजाद की पहचान एक प्रमुख दलित नेता के रूप में मजबूत हुई है।
UP Election 2027: अखिलेश यादव की PDA रणनीति को चुनौती?
- इस गठबंधन का असर समाजवादी पार्टी के चुनावी समीकरणों पर भी पड़ सकता है। अखिलेश यादव पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदायों को जोड़ने के लिए PDA रणनीति पर काम कर रहे हैं। ऐसे में AIMIM और आजाद समाज पार्टी का अलग मंच विपक्षी वोटों के बंटवारे का कारण बन सकता है।
- दोनों दल BJP के नेतृत्व वाले NDA और सपा-कांग्रेस गठबंधन से अलग राजनीतिक विकल्प तैयार कर सकते हैं।
- ओवैसी ने पहले INDIA गठबंधन में शामिल होने की कोशिश की थी, लेकिन सपा और कांग्रेस से बात नहीं बनी।
Chandrashekhar Azad का एजेंडा क्या होगा?
चंद्रशेखर आजाद ने कहा है कि उनकी लड़ाई युवाओं, किसानों और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए होगी। उन्होंने बेरोजगारी, सरकारी नौकरियों की कमी और आर्थिक संकट जैसे मुद्दों पर BJP सरकार को घेरा है।
Seat Sharing: कितनी सीटों पर लड़ेगा गठबंधन?
गठबंधन की घोषणा के साथ सबसे बड़ा सवाल सीटों के बंटवारे का है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि AIMIM और आजाद समाज पार्टी कितनी-कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। गठबंधन में दूसरे छोटे दलों को शामिल करने की संभावना भी बनी हुई है। इन सवालों का जवाब दोनों नेताओं की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिलने की उम्मीद है।














