बिहार में बाहूबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी से पहले उनका होने वाला ससुराल चर्चा में है। बहू के स्वागत के लिए बिहटा में चार मंजिला नया मकान तैयार कराया गया है, वहीं लोग जानना चाहते हैं कि आखिर कौन हैं शिवांगी की होने वाली सास आशा देवी?
पटना. बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों काफी चर्चा में है। इस शादी में सिर्फ अनंत सिंह का परिवार ही नहीं, बल्कि होने वाला ससुराल भी सुर्खियों में है। वजह है बहू के स्वागत के लिए तैयार किया गया नया आलीशान मकान। इस बीच शिवांगी की होने वाली सास आशा देवी और उनके परिवार के बारे में भी लोग जानना चाहते हैं। आखिर कौन हैं आशा देवी, जिनके घर अनंत सिंह की बेटी बहू बनकर आने वाली हैं?
कौन हैं आशा देवी, जिनके घर आएंगी शिवांगी?
- शिवांगी सिंह के होने वाले पति का नाम ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित कुमार है। उनके पिता का नाम रणविजय कुमार सिंह है, जो CRPF में कमांडेंट हैं। वहीं शादी के निमंत्रण पत्र में ऋषिकेश की मां का नाम आशा देवी दिया गया है। इस रिश्ते के बाद आशा देवी अनंत सिंह की समधन बनेंगी।
- शादी के कार्ड में दूल्हे के परिवार का पता बिहटा के कृष्णा नगर स्थित विजयाशा निवास बताया गया है। हालांकि आशा देवी की निजी जिंदगी, शिक्षा और पेशे को लेकर अभी ज्यादा सार्वजनिक जानकारी सामने नहीं आई है।
बहू के स्वागत के लिए बनवाया नया मकान
- इस शादी की सबसे खास बात यह है कि शिवांगी के ससुराल में उनके स्वागत के लिए नया मकान तैयार कराया गया है। रणविजय कुमार सिंह ने बिहटा नगर परिषद के वार्ड नंबर 9 के कृष्णा नगर में करीब दो कट्ठा जमीन पर चार मंजिला मकान बनवाया है।
- परिवार की योजना है कि शिवांगी शादी के बाद इसी घर में गृह प्रवेश करेंगी। नए मकान में शादी से जुड़ी कई पारिवारिक रस्में भी होंगी। रणविजय सिंह ने शिवांगी के स्वागत को लेकर खुशी जताते हुए कहा है कि वह उनके घर में बहू नहीं, बल्कि लक्ष्मी के रूप में प्रवेश करेंगी।
अमेरिका में नौकरी करते हैं होने वाले दामाद
- शिवांगी की शादी ऋषिकेश कुमार से 25 नवंबर 2026 को होनी है। ऋषिकेश ने अमेरिका से ग्रेजुएशन और MBA की पढ़ाई की है। फिलहाल वह अमेरिका में मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी कर रहे हैं। उनकी बहन कोमल कुमारी भी अमेरिका में रहती हैं और MBBS डॉक्टर हैं।
- शादी के बाद शिवांगी कुछ समय अपने ससुराल में रहेंगी। इसके बाद वह पति ऋषिकेश के साथ अमेरिका जा सकती हैं।
25 नवंबर को होगी शादी
अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां (लदमा) में शादी की तैयारियां चल रही हैं। वहीं तिलक समारोह पटना के एक रिसॉर्ट में आयोजित किया जाएगा। दोनों परिवार इस शादी को यादगार बनाने में जुटे हैं। अब सबकी नजरें 25 नवंबर को होने वाली इस शादी पर टिकी हैं।














