
Kota Accident: खाटू श्याम के दर्शन की खुशी मातम में बदली, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत कैसे हुई? देखें VIDEO
राजस्थान के कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। खाटू श्यामजी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रही क्रूजर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में 6 लोग घायल हैं। देखिए पूरी ग्राउंड रिपोर्ट।
Kota Udaipur highway Accident: राजस्थान के कोटा में एक परिवार की धार्मिक यात्रा अचानक मातम में बदल गई। महाराष्ट्र से आए 36 रिश्तेदार तीन गाड़ियों में खाटू श्यामजी के दर्शन करके लौट रहे थे। लेकिन शंभूपुरा के पास आगे चल रही क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह घायल हैं। आखिर रात करीब 2 बजे ऐसा क्या हुआ कि पूरा परिवार इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया, देखिए पूरी रिपोर्ट।
शंभूपुरा हाईवे पर खड़े ट्रक से भिड़ी क्रूजर गाड़ी
यह हादसा रात करीब 2 बजे शंभूपुरा के पास हुआ, जब तेज रफ्तार क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
टक्कर के बाद गाड़ी में फंसे लोगों को पुलिस और बचाव दल ने बाहर निकाला। घायलों को इलाज के लिए न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है, जहां मेडिकल टीम तैनात है।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी और सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने मौके व अस्पताल पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
खाटू श्याम दर्शन कर लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु खाटू श्यामजी के दर्शन के बाद महाराष्ट्र की ओर लौट रहे थे। उनके काफिले में कुल 36 रिश्तेदार अलग-अलग गाड़ियों में सवार थे और रास्ते में एक होटल पर भी रुके थे।
मृतकों में उषा बाई, सुशीला, कैलाश, सान्वी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल, जाह्नवी और माधवी शामिल हैं।
शुरुआती जांच में ड्राइवर को झपकी आने को हादसे की वजह माना जा रहा है। फिलहाल घायलों का उपचार और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।