
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) के अवसर पर बुधवार सुबह देशभर में कई कार्यक्रम हो रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आईएनएस विक्रांत पर योग अभ्यास किया है। इसी तरह अन्य मंत्री और भाजपा नेता योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। हर साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेते थे, लेकिन अमेरिका की यात्रा के चलते इस साल ऐसा नहीं कर सके।
इसके चलते नरेंद्र मोदी ने वीडियो मैसेज भेजा है। उन्होंने कहा कि भले मैं आपके बीच योग नहीं कर पा रहा हूं, लेकिन योग करने के कार्यक्रम से नहीं भाग रहा हूं। इसलिए आज शाम 5:30 बजे (भारतीय समय के अनुसार) यूएन के मुख्यालय में आयोजित योग कार्यक्रम में शामिल होऊंगा।
भारत के आह्वान पर 180 से ज्यादा देशों का साथ आना ऐतिहासिक
नरेंद्र मोदी ने कहा, "भारत के आह्वान पर दुनिया के 180 से ज्यादा देशों का एक साथ आना ऐतिहासिक है। 2014 में जब यूएन जनरल एसेंबली में योग दिवस का प्रस्ताव आया तो रिकॉर्ड देशों ने इसे समर्थन दिया था। तब से लेकर आज तक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के जरिए योग एक वैश्विक आंदोलन बन गया है। ग्लोबल स्पिरिट बन गया है।"
आर्टिक से लेकर अंटार्कटिका तक हुए योग कार्यक्रम
पीएम ने कहा, "इस साल योग दिवस के कार्यक्रमों को ओसन रिंग ऑफ योग ने और खास बना दिया है। इसका आइडिया योग के विचार और समुद्र के विस्तार के पारस्परिक संबंध पर आधारित है। सेना के जवानों ने भी हमारे जल स्रोतों के साथ योग भारत माला और योग सागर माला बनाई। इसी तरह आर्टिक से लेकर अंटार्कटिका तक योग के कार्यक्रम हुए। योग के कार्यक्रमों में करोड़ों लोगों का इतने सहज स्वरूप में शामिल होना योग के प्रसार और उसके महत्व को उजागर करता है।
जोड़ने का काम करता है योग
नरेंद्र मोदी ने कहा, "योग जोड़ने का काम करता है। योग का प्रसार उस विचार का विस्तार है जो पूरे संसार को एक परिवार के रूप में समाहित करता है। योग के विस्तार का अर्थ है वसुधैव कुटुंबकम की भावना का विस्तार। इसलिए इस वर्ष भारत की अध्यक्षता में हो रहे जी20 समिट की थीम भी वन अर्थ वन फैमिली वन फ्यूचर है। आज पूरी दुनिया में करोड़ों लोग योग फोर वसुधैव कुटुंबकम की थीम पर एक साथ योग कर रहे हैं।
पीएम ने कहा, “योग के संबंध में ग्रंथों में कहा गया है कि इससे हमें स्वास्थ, आयुष और बल मिलता है। हममें से कितने ही लोग जो बीते वर्षों में योग से नियमित जुड़े हैं उन्होंने योग की ऊर्जा को महसूस किया है। व्यक्तिगत स्तर पर हमारे लिए बेहतर स्वास्थ्य कितना महत्वपूर्ण है यह हम सब जानते हैं। जब हम स्वास्थ्य संकटों से सुरक्षित होते हैं तो हमारा परिवार कितनी ही परेशानियों से बच जाता है।”
ये भी पढ़ें
International Yoga Day 2023: योग दिवस की क्या है थीम? जानिए क्यों 21 जून को मनाया जाता है
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.