
बेंगलुरु। कर्नाटक में विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं। 224 सीटों पर हो रहे चुनाव में बहुमत का आंकड़ा 113 है। 1985 के बाद से कर्नाटक में कोई भी पार्टी लगातार दो चुनाव जीतकर सरकार नहीं बना पाई है। एडुप्रेस ग्रुप (Edupress group) द्वारा किए गए ओपिनियन पोल के अनुसार भाजपा 110-120 सीटें जीतकर इतिहास रच सकती है।
ओपिनियन पोल में कहा गया है कि भाजपा कर्नाटक में सत्ता में वापसी करने वाली है। मार्च 25-30 के बीच किए गए सर्वे के अनुसार बीजेपी को 110 से 120 के बीच सीटें मिल सकती हैं। वहीं, कांग्रेस 70-80 सीटों पर सिमट सकती है। वहीं, JDS (Janata Dal-Secular) को सिर्फ 10-15 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। अन्य के खाते में 4 से 9 सीटें जा सकती हैं।
भाजपा को मिलेंगे 43 फीसदी वोट
एडुप्रेस ग्रुप दक्षिण भारत की चुनाव विश्लेषण संस्था है। इसने कर्नाटक के 50 निर्वाचन क्षेत्रों और 183 मतदान केंद्रों में 18,331 लोगों के बीच सर्वे किया है। चुनाव विश्लेषक और एडुप्रेस ग्रुप के अध्यक्ष जॉर्जकुट्टी ने बताया है कि सर्वे के मुताबिक भाजपा को 43 फीसदी और कांग्रेस को 37 फीसदी वोट मिलेंगे।
येदियुरप्पा को CM बनता देखना चाहते हैं लोग
सर्वे से इस बात का भी पता चला है कि कर्नाटक के लोग भाजपा नेता बी.एस. येदियुरप्पा को सीएम बनता देखना चाहते हैं। सर्वे के अनुसार वह राज्य के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। सर्वे में शामिल 23 फीसदी लोगों ने बताया है कि वह मुख्यमंत्री के रूप में येदियुरप्पा को देखना चाहते हैं।
5 फीसदी लोगों ने किया बसवराज बोम्मई को पसंद
पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता जगदीश शेट्टार लोकप्रियता के मामले में दूसरे नंबर पर हैं। उन्हें 22 फीसदी लोगों ने अगले सीएम के रूप में पसंद किया है। कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व सीएम सिद्धारमैया तीसरे सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उन्हें 20 फीसदी लोगों ने पसंद किया है। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डीके शिवकुमार को 19 फीसदी लोग सीएम बनता देखना चाहते हैं। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल-सेक्युलर के नेता एच.डी. कुमारस्वामी को सर्वे में शामिल 10 फीसदी लोगों ने पसंद किया है। सर्वे में शामिल सिर्फ 5 फीसदी लोग मौजूदा मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को फिर से सीएम बनता देखना चाहते हैं।
भ्रष्टाचार के आरोपों का दिख रहा असर
सर्वेक्षण में यह भी पाया गया कि वर्तमान सीएम बोम्मई के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों का असर दिख रहा है। पार्टी में अंदरूनी कलह से भी भाजपा को नुकसान होता दिख रहा है। अधिकतर मतदाताओं का मानना था कि चेहरा बदलने से चुनावों में भाजपा के लिए अच्छे रिजल्ट आ सकते हैं। सर्वे के अनुसार मतदाता राज्य में भाजपा सरकार को जारी रखना चाहते हैं।
जॉर्जकुट्टी ने कहा कि हम अप्रैल के पहले सप्ताह में अगला सर्वे करेंगे। चुनाव के ये शुरुआती दिन हैं। अभी बीजेपी को साफ बढ़त दिख रही है, लेकिन कांग्रेस भी कड़ी टक्कर दे रही है। बी.एस. येदियुरप्पा कर्नाटक में सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में उभरे हैं। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता जगदीश शेट्टार कर्नाटक के सबसे साफ-सुथरे राजनेता बताए गए हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.