
Baby In KSRTC Bus. कर्नाटक की एक महिला कंडक्टर ने इंसानियत की मिसाल पेश की है। उन्होंने महिला पैसेंजर की मदद एक डॉक्टर की तरह की और बस में ही सुरक्षित तरीके से प्रसव कराया। बेंगलुरू से चिकमगलुर रूट पर महिला ने सुरक्षित तरीके से बस में ही बच्चे को जन्म दिया है। दोनों जच्चा-बच्चा अब स्वस्थ हैं। महिला कंडक्टर के इस मानवीय मदद की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं। महिला कंडक्टर की मदद से बच्चे को जन्म देने वाली महिला की आर्थिक मदद भी की गई।
दोपहर में हुई बच्चे की डिलीवरी
जानकारी के अनुसार कर्नाटक के बेंगलुरू-चिकमगलुर रूट पर उदयपुरा एग्रीकल्चर कॉलेज के पास दोपहर करीब 1.25 बजे महिला को लेबर पेन होना शुरू हो गया। उस वक्त बस की महिला कंडक्टर एस. वसंतम ने ड्राइवर से बस रोकने के लिए कहा। महिला कंडक्टर ने सभी पैसेंजर्स से आग्रह किया कि वे लोग बस से नीचे उतर जाएं ताकि महिला की डिलीवरी कराई जा सके। रिपोर्ट्स के अनुसार बच्चे को जन्म देने वाली महिला बेहद गरीब थी, इसलिए बस के क्रू ने सभी पैसेंजर्स से 1500 रुपए इकट्ठा किए और महिला को दिया, ताकि किसी भी तरह की इमरजेंसी में इसका उपयोग किया जा सके।
बच्चे को जन्म देने वाली महिला हॉस्पिटल में भर्ती
बच्चे की डिलीवरी के बाद एंबुलेंस बुलाकर महिला को शांताग्राम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जिससे आगे का ईलाज किया जा सके। इस घटना के बाद कर्नाटक स्टेट ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन के मैनेजिंग डायरेक्टर आईएएस जी सत्यवती ने भी महिला कंडक्टर के कार्य की जमकर प्रशंसा की है। एमडी ने कहा कि सही समय पर महिला कंडक्टर की सूझबूझ से अच्छी तरह से डिलीवरी संभव हो पाई। उन्होंने कहा कि सही समय पर मिली मानवीय मदद की वजह से ही महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है। दोनों जच्चा-बच्चा स्वस्थ हैं, जिसके लिए महिला कंडक्टर बधाई की पात्र हैं।
यह भी पढ़ें
कर्नाटक के ग्रामीणों ने बिजली बिल देने से किया इंकार, जानें क्या है इसकी वजह?
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.