
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री किरेन को गुरुवार को कानून मंत्री के पद से हटा दिया गया। उनकी जगह अर्जुन राम मेघवाल को कानून मंत्री बनाया गया है। वह स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्री के रूप में काम करेंगे। उधर, किरेन रिजिजू के साथ उनके सहयोगी मंत्री एसपी सिंह बघेल को भी हटा दिया गया है। बघेल को अब स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का राज्यमंत्री बनाया गया है।
किरेन रिजिजू का प्रोफाइल घटा है। उन्हें पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय सौंपा गया है। अर्जुन राम मेघवाल राजस्थान से हैं। राजस्थान में विधानसभा के चुनाव होने हैं। किरेन रिजिजू से पहले रविशंकर प्रसाद कानून मंत्री थे। अर्जुन राम मेघवाल संसदीय कार्य राज्य मंत्री है। उनके पास यह प्रभार बना रहेगा। हाल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि कानून मंत्री कैबिनेट रैंक के नहीं हैं। प्रधानमंत्री की सलाह का हवाला देते हुए राष्ट्रपति भवन के एक संक्षिप्त बयान जारी कर यह जानकारी दी। इसके कुछ देर बाद रिजिजू ने अपना ट्विटर बायो बदल दिया।
7 जुलाई 2021 को कानून मंत्री बने थे रिजिजू
रिजिजू को 7 जुलाई, 2021 को केंद्रीय कानून मंत्री बनाया गया था। जजों की नियुक्ति समेत कई मुद्दों पर सुप्रीम कोर्ट और रिजिजू के बीच बयानबाजी हुई थी। केंद्र सरकार कोर्ट के साथ विवाद नहीं बढ़ाना चाहती। कानून मंत्री बनने से पहले रिजिजू खेल मंत्री और अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री थे। रिजिजू ने पिछले साल नवंबर में कहा था कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में नियुक्तियां करने की कॉलेजियम प्रणाली संविधान से अलग है। जनवरी में उन्होंने सीजेआई (Chief Justice of India) डी वाई चंद्रचूड़ को कोलेजियम प्रणाली में सरकार द्वारा बताए गए लोगों को भी शामिल करने के लिए पत्र लिखा था।
जितेंद्र सिंह के पास था पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का प्रभार
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे थे। जितेंद्र सिंह अब केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन और परमाणु ऊर्जा एवं अंतरिक्ष राज्य मंत्री हैं।
कानून मंत्री पद से हटाए जाने के बाद किरेन रिजिजू ने ट्वीट कर कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री के रूप में सेवा करना सम्मान की बात रही है। मैं सीजेआई डी वाई चंद्रचूड़, सुप्रीम कोर्ट के सभी जजों, हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस और जजों, निचली न्यायपालिका और पूरे कानून अधिकारियों को न्याय की आसानी सुनिश्चित करने और हमारे नागरिकों के लिए कानूनी सेवाएं प्रदान करने में समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। मैं पीएम नरेंद्र मोदी के विजन को पूरा करने के लिए तत्पर हूं। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय में उसी जोश के साथ काम करूंगा।”
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.