राज्यों का हालः दिल्ली में लॉकडाउन फ्लॉप, इंदौर देश का 8 वां सबसे संक्रमित शहर; महाराष्ट्र में 10 मौतें

कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। देश में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 1300 के पार पहुंच गई है। वहीं, महाराष्ट्र में अब तक 10 लोगों की मौत हो गई है। जबकि इंदौर देश के 10 सबसे ज्यादा संक्रमित शहरों में शामिल हो गया है। 

Asianet News Hindi | Published : Mar 31, 2020 4:06 AM IST

नई दिल्ली. कोरोना वायरस संक्रमण भारत में तेजी से बढ़ता जा रहा है। दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित जामात से अंडमान निकोबार पहुंचे 10 लोगों की मंगलवार को जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिससे देश में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1347 हो गया है। इसके साथ ही कोरोना के संक्रमण से जूझ रहे 43 लोगों की मौत हो गई है। सोमवार को संक्रमण के सबसे ज्यादा 208 मामले सामने आए। इससे पहले 27 मार्च को 151 मामले सामने आए थे। सोमवार को महाराष्ट्र में 35 और केरल में 32 मरीज मिले। इनके अलावा दिल्ली में 25, उत्तरप्रदेश में 24, तमिलनाडु में 17-17, जम्मू-कश्मीर में 11, राजस्थान में 10, मध्यप्रदेश में 8, कर्नाटक में 8, गुजरात में 7, चंडीगढ़ में 5, पंजाब में 3, आंध्रप्रदेश में 2, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, हरियाणा और अंडमान-निकोबार में 1-1 रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के अनुसार हैं। सरकार के आंकड़ों में अभी संक्रमितों की संख्या 1251 है। इनमें से 101 ठीक हो गए हैं। 

देश के 15 राज्यों का हाल

मध्यप्रदेश-  प्रदेश में सोमवार को इंदौर में 8 नए केस सामने आए। जिसके बाद प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 47 हो गई है। इंदौर में 7 और उज्जैन में 1 संक्रमित मिला। इंदौर में संक्रमितों की संख्या 27 है। वहीं, सरकार बीमारी की गंभीरता को देखते हुए 8 हजार कैदियों को पैरोल और अंतरिम जमानत पर रिहा करेगी। 5 हजार सजायाफ्ता कैदियों को 60 दिन के लिए पैरोल दी जा रही है। जबकि, 5 साल तक की सजा के प्रावधान वाले विचाराधीन करीब 3 हजार कैदियों को 45 दिन की अंतरिम जमानत दी जा रही है। प्रदेश में कोरोना से संक्रमित 4 लोगों की मौत हो चुकी है। इंदौर शहर देश के 10 संक्रमित शहरों में 8 वें नंबर पर है। 

उत्तरप्रदेश- राज्य का गौतमबुद्ध नगर जिला सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां एक सबसे ज्यादा 36 पॉजिटिव मरीज हैं। प्रदेश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 96 हो गई है। सोमवार को यहां 24 नए मामले सामने आए। राज्य सरकार कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए लगातार कदम उठा रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ खुद मोर्चा संभाले हुए हैं और प्रत्येक स्थितियों की निगरानी कर रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को उन्होंने गौतमबुद्धनगर का दौरा किया। जहां डीएम के लापरवाही बरतने पर उन्होंने फटकार लगाई। जिसके बाद जिलाधिकारी को हटा दिया गया।  

दिल्ली- देश की राजधानी दिल्ली में संक्रमित मरीजों की संख्या 97 हो गई है। यहां सोमवार को अकेले 25 नए केस सामने आए। यहां एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। दरअसल, निजामुद्दीन इलाके में तब्लीगी जमात के मरकज में 1 से 15 मार्च तक 5 हजार से ज्यादा लोग आए थे। इनमें इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड के लोग भी शामिल थे। 22 मार्च को लॉकडाउन की घोषणा के बाद भी यहां 2 हजार लोग ठहरे हुए थे। इनमें से 200 लोगों के कोरोना संक्रमित होने की आशंका है। संदिग्धों को जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। इन्हें सर्दी, खांसी और जुकाम की शिकायत है। यहां से 1200 लोगों को निकाला गया। देर रात तेलंगाना सरकार ने बताया कि इस आयोजन में हिस्सा लेने वाले 6 लोगों की मौत हो गई है।

राजस्थान- राज्य में संक्रमण के सोमवार को 10 नए मामले सामने आए। इनमें से जयपुर में 2, भीलवाड़ा में 1 और जोधपुर में 7 मरीज मिले। रविवार रात जमेर में भी 3 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।  प्रदेश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 79 है, यहां दो लोगों की मौत भी हो चुकी है। राजस्थान सरकार ने लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। 

महाराष्ट्र- कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है। मंगलवार को 5 नए पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। जिसके बाद संक्रमित मरीजों की संख्या 243 हो गई हैं। राज्य में सोमवार को 35 नए मामले सामने आए। यहां सबसे ज्यादा 75 मरीज मुंबई में हैं। इसके अलावा पुणे में 42, सांगली में 25 और नागपुर में 12 मरीज हैं। राज्य में अब तक 39 मरीज ठीक हो चुके हैं। महाराष्ट्र में कोरोना से सबसे अधिक 10 मौतें भी हुई हैं। 

पंजाब- राज्य में सोमवार को तीन नए पॉजिटिव मरीज मिले। पटियाला जिले के रामनगर सैनियां गांव में 21 साल का एक युवक संक्रमित पाया गया। वह हाल ही में नेपाल से लौटा था। स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे गांव को सील कर दिया गया है। उसके परिवार वालों को घर पर ही रहने की हिदायत दी गई गई है। पंजाब में संक्रमित मरीजों की संख्या 41 हो गई है। वहीं 3 लोगों ने दम तोड़ दिया है। 

केरल- महाराष्ट्र के बाद कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य केरल हैं। यहां सोमवार को 32 नए मामले सामने आए है। इसके बाद संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 234 हो गई। राज्य के सभी 14 जिले संक्रमण से प्रभावित हैं। सबसे ज्यादा 107 मरीज कासरगोड़ में हैं। हालांकि केरल में पिछले दिनों कोरोना संक्रमित एक शख्स ने दम तोड़ दिया था। 

प.बंगाल- यहां सोमवार को 1 ही नया मामला सामने आया। पश्चिम बंगाल सरकार ने कोरोना वायरस की रोकथाम में जुटे कर्मचारियों का बीमा कवर 5 से बढ़ाकर 10 लाख कर दिया है। इसके दायरे में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ,पुलिसकर्मियों के अलावा अन्य वह सभी लोग आएंगे, जो आपात ड्यूटी कर रहे हैं। इस बीच, कोलकाता में सोमवार को 77 साल का एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला। राज्य में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 22 है, जिसमें 2 मरीजों की मौत हो गई है।  

तेलंगाना- राज्य में सोमवार को 7 नए केस सामने आए। यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या 77 हो गई। वहीं, दिल्ली के निजामुद्दीन से लौटे 6 लोगों की कोरोना की वजह से मौत हो गई है। जिसकी मंगलवार को पुष्टि की गई है। इससे पहले, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने दावा किया कि अगले 9 दिन में राज्य संक्रमण से मुक्त हो जाएगा। विदेश से लौटे 25 हजार 937 लोग निगरानी में हैं। इनके क्वारंटाइन का समय 7 अप्रैल को पूरा होगा। अगर आगे कोई नया मामला नहीं आता है तो राज्य को 7 अप्रैल तक कोरोना मुक्त घोषित किया जाएगा।  

गुजरात- राज्य में सोमवार को 7 नए मामले सामने आए। इनमें से 5 संक्रमित भावनगर से और एक अहमदाबाद से है। भावनगर के मरीजों में से एक 36 साल की महिला है। वह हाल ही में अमेरिका से लौटी थी। अन्य चार मरीज पुरुष हैं, जो स्थानीय संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। रविवार को अहमदाबाद में 3 संक्रमित मिले थे और 45 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। गुजरात में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 70 तक पहुंच गई है। कोरोना की वजह से राज्य में 6 लोगों की मौत भी हो चुकी है। 

Share this article
click me!