
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा ने उत्तर प्रदेश के रायबरेली सीट से अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी है। भाजपा ने दिनेश प्रताप सिंह को यहां से चुनावी मैदान में उतारा है। कांग्रेस द्वारा अभी रायबरेली से उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है। आज शाम तक कांग्रेस उम्मीदवार के नाम सामने आने की उम्मीद है।
कैसरगंज से करण भूषण सिंह को मिला टिकट
गुरुवार को भाजपा ने उत्तर प्रदेश के दो लोकसभा सीटों के प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया। भाजपा की 17वीं लिस्ट में रायबरेली से दिनेश प्रताप सिंह और कैसरगंज से करण भूषण सिंह का नाम दिया गया। कैसरगंज सीट पर भाजपा किसे टिकट देती है इसपर देश की नजर थी। यहां से वर्तमान सांसद भाजपा के बृजभूषण शरण सिंह हैं। उनपर महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं। मामला कोर्ट में है। भाजपा ने बृजभूषण शरण सिंह का टिकट काट दिया है। उनकी जगह उनके छोटे बेटे करण भूषण सिंह को पार्टी ने टिकट दिया है।
यह भी पढ़ें- भाजपा ने काटा बृजभूषण का टिकट, उनके बेटे को मैदान में उतारा, रायबरेली से दिनेश सिंह बने उम्मीदवार
रायबरेली से गांधी परिवार को टिकट दे सकती है कांग्रेस
रायबरेली सीट को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। यहां से सोनिया गांधी चुनाव लड़तीं थीं। वह राज्यसभा चली गईं हैं। उनकी जगह पर रायबरेली से कांग्रेस किसे चुनावी मैदान में उतारती है इसपर सबकी नजर है। चर्चा है कि यहां से गांधी परिवार के किसी व्यक्ति को टिकट दिया जा सकता है। प्रियंका गांधी और राहुल गांधी दोनों इस सीट से चुनाव लड़ने के इच्छुक बताए गए हैं। राहुल गांधी केरल के वायनाड सीट से चुनाव लड़े। यहां दूसरे चरण में मतदान हो गया है। चर्चा है कि वह एक और सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.