
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए प्रचार कर रहे हैं। पीएम ने उत्तराखंड के रुद्रपुर में जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद पीएम राजस्थान जाएंगे और दोपहर 3:30 बजे कोटपूतली में जनसभा करेंगे।
रुद्रपुर में नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब भी मैं उत्तराखंड आता हूं तो खुद को धन्य महसूस करता हूं। भाजपा सरकार ने उत्तराखंड के छोटे किसानों के बैंक खातों में 2200 करोड़ रुपए से ज्यादा सीधे भेजे हैं। पिछले 10 साल में उत्तराखंड का बहुत विकास हुआ है। जब नियत सही होती है तब तेजी से काम होते हैं।
पीएम ने कहा, "कांग्रेस के शाही परिवार के शहजादे ने ऐलान किया है कि अगर देश ने तीसरी बार बीजेपी सरकार चुना तो आग लग जाएगी। 60 साल तक देश पर राज करने वाले 10 साल सत्ता से बाहर क्या रह गए, अब देश में आग लगाने की बात कर रहे हैं। इमरजेंसी की मानसिकता वाले कांग्रेस का भरोसा अब लोकतंत्र पर नहीं बचा है। इसलिए वो जनादेश के खिलाफ लोगों को भड़काने में जुट गए हैं। कांग्रेस भारत को अस्थिरता की तरफ ले जाना चाहती है। अराजकता में झोंकना चाहती है। कर्नाटक में कांग्रेस के एक बड़े नेता ने दक्षिण भारत को देश से अलग करने की बात कही। देश को दो टुकड़े करने की बात कही। कांग्रेस ने उसे सजा देने के बदले चुनाव का टिकट दे दिया।”
कांग्रेस से देशभक्ति की भाषा गले से नहीं उतरती
नरेंद्र मोदी ने कहा, "इसी कांग्रेस ने देश के वीर सपूत स्वर्गीय बिपिन रावत का अपमान किया था। ऐसी कांग्रेस से देशभक्ति की भाषा, उनकी देशभक्ति की बातें, किसी के गले नहीं उतरती। कांग्रेस तुष्टिकरण के दलदल में ऐसा धंस गई है कि कभी देशहित का सोच ही नहीं सकती। कांग्रेस घुसपैठियों को बढ़ावा देती है, लेकिन जब भाजपा CAA के माध्यम से मां भारती में आस्था रखने वालों को भारत की नागरिकता देती है तो कांग्रेस को सबसे ज्यादा तकलीफ होती है। इस क्षेत्र के लोग जानते हैं कि पाकिस्तान और बांग्लादेश से जो शरणार्थी आए हैं उनमें से अधिकतर तलित परिवार है। हमारे सिख और बंगाली भाई बहन है। कांग्रेस इन लोगों को नागरिकता देने का विरोध कर रही है। कांग्रेस कितना भी घोर विरोध करे, इन लोगों के पास मोदी की गारंटी है।"
कांग्रेस ने कच्चाथीवू द्वीप श्रीलंका को दे दिया
मोदी ने कहा, "कांग्रेस ने कैसे मां भारती के टुकड़े किए इसका ताजा उदारण हाल में सामने आया है। तमिलनाडु में समुद्र में कच्चाथीवू नाम का एक द्वीप है। वो भारत का हिस्सा था, लेकिन कांग्रेस ने उसे श्रीलंका को दे दिया। अब इस द्वीप के आसपास भी कोई भारतीय मछुआरा गलती से चला जाता है तो उसे गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया जाता है। क्या ऐसी कांग्रेस देश की रक्षा कर सकती है।"
पीएम ने कहा, "कांग्रेस ने देश के सीमावर्ती गांव को आखिरी गांव मानकर वहां विकास करना बंद कर दिया था। भाजपा सरकार ने इन गांवों को पहला गांव माना है। यहां तेजी से विकास किया है। कांग्रेस की सरकार रहती तो पूर्व सैनिकों को वन रैंक वन पेंशन नहीं मिलता। भाजपा ने अपनी गारंटी पूरी की।"
उन्होंने कहा, "2024 के इस चुनाव में दो खेमे बन गए हैं। एक तरफ हमलोग ईमानदारी और पारदर्शिता जनता के सामने लेकर आए हैं। दूसरी ओर परिवारवादी और भ्रष्टाचारी का जमावड़ा है। ये दिनरात मोदी को धमकी और गाली दे रहे हैं। हम कह रहे हैं भ्रष्टाचार हटाओ, वो कहते हैं भ्रष्टाचारी बचाओ। कितने भी गाली दिए जाए, कितने भी आरोप लगाए जाए। मोदी डरने वाला नहीं है। हर भ्रष्ट पर कार्रवाई होगी। तीसरे टर्म में भ्रष्टाचार पर और तेज प्रहार होगा। यह गारंटी देने आया हूं। भ्रष्टाचार गरीब और मध्यमवर्ग का हक छीनता है। मैं ऐसा नहीं होने दूंगा।"
यह भी पढ़ें- केरल के CM को मंजूर नहीं वायनाड से चुनाव लड़ें राहुल, INDIA ब्लॉक की दुहाई देकर कही ये बात
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.