
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को कर्नाटक के शिवमोगा में जनसभा के दौरान प्रज्वल रेवन्ना को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने मास रेपिस्ट के लिए वोट मांगा। जानकारी होने पर भी उसे जर्मनी जाने से नहीं रोका।
इस आरोपों को लेकर सवाल किए जाने पर केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने राहुल गांधी पर करारा पलटवार किया। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी नींद से जागने से लेकर सोने जाने तक झूठ बोलते हैं। मैं राहुल गांधी के एक और झूठ पर जवाब नहीं दे सकता। लेकिन एक सवाल है कि जब कर्नाटक की सरकार के पास यह पेन ड्राइव (जिसमें प्रज्वल रेवन्ना और पीड़ित महिलाओं के वीडियो हैं) थी, ठोस सबूत था, तब भी क्यों चुप रही? कर्नाटक सरकार चुप बैठी रही, पहले चरण का चुनाव होने का इंतजार करती रही। इस दौरान यह पेन ड्राइव जारी कर दिया गया। कर्नाटक सरकार, मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए। उन्हें बताना चाहिए कि अपराध के सबूत होने पर भी वे चुप बैठे क्यों रहे।"
कांग्रेस के पास नहीं भारत के भविष्य को लेकर विचार
राजीव चंद्रशेखर ने कहा, "अगर राहुल गांधी को बयान देने में इतनी ही रुचि है तो उन्हें अपनी पार्टी की सरकार से पूछना चाहिए कि वह सबूत लेकर बैठी क्यों रही? कांग्रेस के पास भारत के लोगों और कर्नाटक के लोगों के लिए कोई विचार नहीं है। उनके पास भारत के भविष्य को लेकर कोई विचार नहीं है। वे 2004-2014 तक 10 साल रही अपनी सरकार के बारे में बात नहीं करना चाहते। इस दौरान उन्होंने खूब भ्रष्टाचार किया।"
उन्होंने कहा, "वे हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में अपनी गारंटी के बारे में बात नहीं करना चाहते, जो फ्लॉप और फेल हो गए हैं। गारंटी पूरी नहीं हुई है। जब लोगों ने उन्हें मौका दिया तो उनकी सरकार प्रदर्शन नहीं कर पाई। वे इसपर बात नहीं करना चाहते। इसके बदले झूठ बोल रहे हैं। फर्जी वीडियो और मॉर्फ की गई तस्वीरों का इस्तेमाल कर रहे हैं। वे झूठ बोलकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं और राजनीतिक सफलता पाने की कोशिश कर रहे हैं। वे बहुत अधिक हताश होने जा रहे हैं। राहुल गांधी को उनके झूठ से कोई राजनीतिक फायदा नहीं होने जा रहा है।
यह भी पढ़ें- PM ने मास रेपिस्ट के लिए वोट मांगा, उसे जर्मनी जाने से नहीं रोका, महिलाओं से मांगे माफी: राहुल गांधी
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “कांग्रेस द्वारा फर्जी वीडियो और फोटो फैलाए जाने के मामले में कार्रवाई की जानी चाहिए। एक नेशनल पॉलिटिकल पार्टी द्वारा आपराधिक कृत्य किए गए हैं। कानून का उल्लंघन किया गया है।”
यह भी पढ़ें- दुनिया में कहीं भी छिपे हो बच नहीं सकते प्रज्वल रेवन्ना, SIT ने जारी किया लुकआउट नोटिस
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.