
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लक्षद्वीप यात्रा की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद थम नहीं रहा है। पीएम ने लक्षद्वीप में पर्यटन बढ़ाने का आह्वान किया था। मालदीव की सत्ताधारी पार्टी के नेता इस बात से चिढ़ गए और पीएम मोदी व भारतीय लोगों के खिलाफ अपमानजनक बातें की। इसके बाद सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हो गया। लोग मालदीव का बायकॉट करने की बात करने लगे।
विवाद बढ़ने पर फिल्म स्टार से लेकर क्रिकेटर तक ने छुट्टी मनाने मालदीव जाने की जगह भारत के द्वीपों पर जाने की अपील की है। सचिन तेंदुलकर ने एक्स पर पोस्ट किया और कहा कि हमें अपने द्वीपों को एक्सप्लोर करना चाहिए।
सचिन ने पोस्ट किया, "सिंधुदुर्ग में मेरा 50वां जन्मदिन मनाए हुए 250 से अधिक दिन हो गए हैं। भारत को सुंदर समुद्र तटों और प्राचीन द्वीपों का आशीर्वाद प्राप्त है। हमारे "अतिथि देवो भव:" दर्शन के साथ, हमारे पास एक्सप्लोर करने के लिए बहुत कुछ है। #ExploreIndianIslands"
एक्टर अक्षय कुमार ने एक्स पर पोस्ट किया, "मालदीव के प्रमुख लोगों ने भारतीयों के खिलाफ घृणित और नस्लवादी बातें की हैं। आश्चर्य है कि वे ऐसा उस देश के लिए कर रहे हैं जो सबसे अधिक पर्यटक भेजता है। हम अपने पड़ोसियों के लिए अच्छे हैं लेकिन हमें ऐसी बिना वजह की नफरत क्यों बर्दाश्त करनी चाहिए? मैंने कई बार मालदीव का दौरा किया है और हमेशा इसकी प्रशंसा की है, लेकिन गरिमा पहले है। आइए हम भारतीय द्वीपों को एक्सप्लोर करने का फैसला करें और अपने पर्यटन स्थलों का समर्थन करें।"
एक्टर सलमान खान और जॉन अब्राहम ने भी भारतीय द्वीपों को एक्सप्लोर करने की अपील की है। अब्राहम ने पोस्ट किया, "लक्षद्वीप जाने लायक जगह है। भारत अतिथि देवो भव: के विचार वाला देश है।"
सलमान खान ने पोस्ट किया, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लक्षद्वीप के सुंदर, स्वच्छ और आश्चर्यजनक समुद्र तटों पर देखकर अच्छा लगा। सबसे अच्छी बात यह है कि ये हमारे भारत में हैं।"
कैसे सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद?
पीएम नरेंद्र मोदी ने लक्षद्वीप यात्रा की तस्वीरें और वीडियो एक्स पर शेयर की थी। वह समुद्र तटों के किनारे घूमते और स्नोर्केलिंग करते नजर आए। ये तस्वीरें और वीडियो वायरल हो गईं। लोगों की लक्षद्वीप में रुचि बढ़ी, जिससे लक्षद्वीप Google सर्च में टॉप पर पहुंच गया।
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने दावा किया कि लक्षद्वीप में पर्यटन केंद्र के रूप में मालदीव की जगह लेने की क्षमता है। पिछले साल लगभग एक लाख भारतीय पर्यटक मालदीव गए थे। यह मालदीव आए कुल पर्यटकों का करीब 11 फीसदी था। मालदीव पर्यटन पर निर्भर है। पर्यटन संबंधी गतिविधियों से इसका 90% से अधिक सरकारी राजस्व आता है।
मालदीव के नए राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू चीन समर्थक हैं। उन्होंने भारत से कहा है कि मालदीव से अपने सैनिकों को हटा ले। मुइज्जू के पद संभालने के बाद से मालदीव पहले की 'इंडिया फर्स्ट' नीति से हटकर 'इंडिया आउट' नीति पर आ गया है।
यह भी पढ़ें- मालदीव की सत्तारूढ़ पार्टी के नेता ने भारतीयों के लिए की गंदी बाद, सोशल मीडिया पर शुरू हुआ Boycott Maldives अभियान
सोशल मीडिया पर इस बात पर चर्चा शुरू होने के बाद कि लक्षद्वीप पर्यटन स्थल के रूप में मालदीव की जगह ले सकता है मालदीव की सत्ताधारी पार्टी के नेता चिढ़ गए। ऐसे ही एक नेता जाहिद रमीज ने नरेंद्र मोदी और भारतीयों के खिलाफ नस्लवादी टिप्पणी की। इसके बाद से बॉयकॉट मालदीव हैशटैग सोशल मीडिया पर ट्रेंड हो गया है।
यह भी पढ़ें- PM मोदी के Lakshadweep पोस्ट ने उड़ाई मालदीव की नींद, यह क्या कह गए बौखलाए मालदीवी मंत्री?
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.