
Miss Universe India 2025: राजस्थान के जयपुर में आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 प्रतियोगिता का विजेता चुन लिया गया है। इस बार का ताज मनिका विश्वकर्मा के सिर सजा। मनिका मूल रूप से राजस्थान के गंगानगर की रहने वाली हैं और फिलहाल वह दिल्ली में मॉडलिंग कर रही हैं।
मनिका इससे पहले मिस यूनिवर्स राजस्थान 2024 के लिए चुनी जा चुकी थीं। अब वह इस साल के लास्ट में थाईलैंड में आयोजित 74वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। ये ताज अपने नाम करने के बाद मनिका ने कहा, "मेरी यात्रा मेरे शहर गंगानगर से शुरू हुई। मैं दिल्ली आई और प्रतियोगिता की तैयारी की। हमें अपने अंदर आत्मविश्वास और साहस जगाने की जरूरत है। सभी की इसमें बड़ी भूमिका थी। मैं उन सभी का धन्यवाद करती हूं, जिन्होंने मेरी मदद की और मुझे आज इस योग्य बनाया।"
मनिका की जीत पर अभिनेत्री और जूरी सदस्य उर्वशी रौतेला ने कहा, “प्रतियोगिता बहुत कठिन थी, लेकिन विजेता हमारे बीच हैं। यह मेरी 10वीं वर्षगांठ भी है। हमें बहुत खुशी है कि हमारी विजेता मिल गई हैं। वह निश्चित रूप से मिस यूनिवर्स में हमें गौरवान्वित करेंगी।” वहीं मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 की विजेता रिया सिंघा ने कहा, "मनिका ने मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज जीतने के लिए शानदार प्रदर्शन किया। उसने 50 अन्य प्रतियोगियों के साथ प्रतिस्पर्धा की और अब थाईलैंड में होने वाली मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में 130 देशों की प्रतिभागियों के बीच भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। मैं उसे शुभकामनाएं देती हूं।"
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.