
Vladimir Putin Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की। पीएम मोदी ने पुतिन को उनके 73वें जन्मदिन पर बधाई दी। दोनों नेताओं ने भारत और रूस के बीच चल रहे खास रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर बात की। पीएम ने पुतिन से कहा कि वह भारत में उनका स्वागत करने को उत्सुक हैं।
बातचीत के दौरान नरेंद्र मोदी ने पुतिन को उनके 73वें जन्मदिन पर हार्दिक बधाई दी। इसके साथ ही उनके अच्छे स्वास्थ्य और सभी प्रयासों में सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय एजेंडे में प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही भारत और रूस के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को और अधिक गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री ने कहा कि वे 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए राष्ट्रपति पुतिन का भारत में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिसंबर में भारत आने वाले हैं। उनकी यात्रा 4-6 दिसंबर को हो सकती है। पुतिन पिछली बार 2021 में भारत आए थे। फरवरी 2022 में यूक्रेन में लड़ाई शुरू होने के बाद वह पहली बार भारत आने वाले हैं।
व्लादिमीर पुतिन ऐसे समय भारत आने वाले हैं जब अमेरिका ने भारत पर रूस से तेल आयात बंद करने के लिए भारी दबाव डाल रखा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से आयात होने वाले सामानों पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया है। इसमें 25 फीसदी रेसिप्रोकल टैरिफ है। 25 फीसदी टैरिफ रूस से कच्चा तेल आयात करने के चलते जुर्माना के रूप में लगाया गया है। भारत ने साफ कह दिया है कि रूस से कच्चा तेल आयात बंद नहीं होगा। हम किसी दबाव में आने वाले नहीं हैं।
यह भी पढ़ें- अमेरिकी राष्ट्रपति ने दिया एक और बड़ा झटका! फिर से लगाया 25 फीसदी टैरिफ, जानें कब से होगा लागू?
पुतिन की भारत यात्रा के दौरान रूस और भारत के बीच बड़े रक्षा सौदे हो सकते हैं। भारत रूस से S-400 की अतिरिक्त यूनिट खरीदना चाहता है। इसके लिए बातचीत चल रही है। 7-10 मई तक चले ऑपरेशन सिंदूर में इस एयर डिफेंस सिस्टम ने अपनी क्षमता साबित की थी। भारत को पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ फाइटर जेट की जरूरत है। इसके लिए रूस के Su-57 पर नजर है। इसको लेकर भी डील होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- टॉमहॉक मिसाइल यूक्रेन को दिया तो.., जानें व्लादिमीर पुतिन ने डोनाल्ड ट्रंप को दी क्या चेतावनी
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.