भीषण गर्मी की चपेट में उत्तर भारत, यूपी, बिहार में 98 लोगों की मौत, मौसम विभाग ने दी अत्यधिक लू की चेतावनी

Published : Jun 18, 2023, 09:07 AM ISTUpdated : Jun 18, 2023, 11:16 AM IST
Heatwave

सार

भीषण गर्मी (Extreme Heatwave) के चलते उत्तर प्रदेश और बिहार में 98 लोगों की मौत हो गई है। उत्तर प्रदेश में बीते तीन दिन में 54 और बिहार में बीते 24 घंटे में 44 लोगों की मौत हुई।

नई दिल्ली। उत्तर भारत भीषण गर्मी की चपेट में है। पिछले तीन दिनों में भीषण गर्मी के कारण बिहार और उत्तर प्रदेश में कम से कम 98 लोगों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश में 54 लोगों की मौत हुई। वहीं, बिहार में 44 लोगों की मौत हुई।

15-17 जून तक उत्तर प्रदेश के बलिया के जिला अस्पताल में भर्ती कम से कम 54 लोगों की मौत हुई। इन तीन दिनों में इस अस्पताल में 400 लोग बुखार, सांस लेने में परेशानी और अन्य परेशानियों के चलते भर्ती हुए थे। मरने वाले अधिकतर मरीज की उम्र 60 साल से अधिक थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत कुमार ने कहा कि जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है। इससे बड़ी संख्या में लोग बीमार हो रहे हैं। लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। मरने वाले लोग किसी न किसी बीमारी से पीड़ित थे और अत्यधिक गर्मी के कारण उनकी स्थिति खराब हो गई थी।

अधिकारियों के अनुसार 15 जून को 23, 16 जून को 20 और 17 जून को शाम चार बजे तक 11 लोगों की मौत हुई। इतनी अधिक मौत के कारण की तलाश के लिए लखनऊ से डॉक्टरों की टीम को बुलाया गया है। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक दिवाकर सिंह ने बताया कि मरीजों और कर्मचारियों को हीट स्ट्रोक के खतरे से बचाने के लिए अस्पताल में पंखे, कूलर और एयर कंडीशनर की व्यवस्था की गई है।

बिहार में भीषण गर्मी से 44 लोगों की मौत

बिहार में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। यहां लू और भीषण गर्मी के चलते पिछले 24 घंटे में 44 लोगों की मौत हुई है। 35 लोगों की मौत पटना में हुई है। नालंदा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (NMCH) में 19 और पीएमसीएच में 16 मरीजों की मौत हुई। राज्य के अन्य जिलों में 9 लोगों की मौत हुई। बिहार के 11 जिलों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री से ऊपर पहुंच रहा है। शनिवार को राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शेखपुरा 45.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। पटना में स्कूलों को 24 जून तक के लिए बंद कर दिया गया है।

बिहार में 18 और 19 जून के लिए "अत्यधिक लू" का अलर्ट जारी

मौसम कार्यालय ने 18 और 19 जून को बिहार के लिए "अत्यधिक लू" का अलर्ट जारी किया है। रेड अलर्ट से प्रभावित जिले औरंगाबाद, रोहतास, भोजपुर, बक्सर, कैमूर और अरवल हैं। पटना, बेगूसराय, खगड़िया, नालंदा, बांका, शेखपुरा, जमुई और लखीसराय को ऑरेंज अलर्ट मिला है, जबकि पूर्वी चंपारण, गया, भागलपुर, जहानाबाद और पूर्वी चंपारण को येलो अलर्ट मिला है।

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Recommended Stories

राज्यसभा: 'खुलेआम बेचा जा रहा जहर', आप सांसद राघव चढ्ढा ने उठाया खतरनाक मुद्दा
झगड़ा, बदला या कुछ और? दिल्ली में 3 डिलीवरी एजेंटों ने कैसे और क्यों किया बिजिनेसमैन का मर्डर?