
India-Pak Tension: सीजफायर के बाद जम्मू-कश्मीर और अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों में बीती रात पूरी तरह शांतिपूर्ण रही। भारतीय सेना ने जानकारी दी है कि रातभर सीमा पर कहीं भी कोई गोलीबारी या घुसपैठ जैसी घटना नहीं हुई। हालांकि कई दिनों के बाद यह पहली बार है जब पूरी रात ऐसा सन्नाटा और शांति देखने को मिली है। पाकिस्तान की तरफ से किसी तरह की कोई उकसाने वाली गतिविधि नहीं हुई।
आज भारत और पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस के बीच बातचीत भी प्रस्तावित है, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव कम होने की उम्मीद है। वहीं, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने भारत और पाकिस्तान के बीच घोषित तत्काल संघर्ष विराम का स्वागत किया है। महासचिव के उप प्रवक्ता फरहान हक ने एक बयान में कहा, "संयुक्त राष्ट्र दोनों देशों के बीच हालात पर करीबी नजर बनाए हुए है। हम क्षेत्र में तनाव कम करने और शांति कायम रखने की दिशा में किए जा रहे हर प्रयास का स्वागत करते हैं।"
भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने को लेकर बनी सहमति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिल रही है। ब्रिटेन ने इस पहल का स्वागत करते हुए दोनों देशों से तनाव कम करने की दिशा में प्रयास जारी रखने का आग्रह किया है। ब्रिटिश विदेश मंत्री डेविड लैमी ने कहा, "हम दोनों पक्षों से अपील करते हैं कि वे इस सहमति को बनाए रखें, क्योंकि तनाव में कमी सभी के हित में है।"
यह भी पढ़ें: यूएन समिति में पाकिस्तान को घेरेगा भारत, पहलगाम हमले के पुख्ता सबूत होंगे पेश
वहीं, अमेरिका के उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडौ ने भी भारत और पाकिस्तान के नेतृत्व द्वारा दिखाए गए संयम और समझदारी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "हमें गर्व है कि अमेरिकी अधिकारी ट्रंप प्रशासन के उस लक्ष्य को पूरा करने में सफल हुए हैं, जिसका मकसद क्षेत्र में शांति को बढ़ावा देना है।"
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.