
PM Modi Egypt visit: पीएम नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय मिस्र यात्रा रविवार को संपन्न हुई। दो दिनी यात्रा के दूसरे दिन पीएम नरेंद्र मोदी ने मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी के साथ कई समझौतों पर सिग्नेचर किया। इस द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी से दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, रिन्यूवल एनर्जी, सांस्कृतिक प्रगाढ़ता बढ़ेगी। इस महत्वपूर्ण यात्रा के दौरान भारत और मिस्र के बीच कृषि, पुरातत्व और पुरावशेषों, कम्पटीशन लॉ के क्षेत्र में तीन समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए गए।
पीएम मोदी ने मिस्र के उद्योग दिग्गज से भी की मुलाकात
पीएम मोदी ने मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीकी क्षेत्र में काम करने वाली कई बड़ी कंपनियों के सीईओ से मुलाकात की। उन्होंने मिस्र की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक हसन अल्लाम होल्डिंग्स कंपनी के सीईओ हसन अल्लम के साथ बातचीत की है। दोनों दिग्गजों ने रिन्यूवल एनर्जी और ग्रीन हाइड्रोजन में भारतीय कंपनियों के साथ घनिष्ठ सहयोग बनाने की संभावनाओं पर चर्चा की। अरिंदम बागची के अनुसार, पीएम मोदी ने मिस्र के काहिरा में हसन अल्लम प्रॉपर्टीज के सीईओ मोहम्मद मेधात हसन अल्लम से मुलाकात की।
मिस्र में निवेश के लिए भी संभावनाएं, स्वेज नहर पर मिस्र का एकाधिकार
दरअसल, मिस्र में निवेश की भी काफी संभावनाएं हैं। मिस्र में चीन अपने प्रभाव को बढ़ाते हुए तमाम बड़े प्रोजेक्ट्स में आर्थिक सहयोग कर रहा है। चीन के दखल को कम करने के लिए भारत के पास भी मिस्र के विभिन्न प्रोजेक्ट्स में आर्थिक मदद की संभावनाएं है। दोनों देशों के बीच हुए समझौतों के तहत व्यापार को बढ़ावा मिलेगा ही कई क्षेत्रों में भी वहां निवेश की संभावनाएं भी खुली हैं। उधर, स्वेज नहर पर मिस्र का एकाधिकार है और इसके जरिए दुनिया का 12 फीसदी ट्रेड होता है। 193 किलोमीटर लंबी यह नहर एशिया और यूरोप का सबसे पसंदीदा ट्रेड रूट है। रोजाना करीब 106 बड़े शिपिंग कंटेनर इससे आते-जाते हैं। संबंध दोनों देशों के बीच प्रगाढ़ हुए तो व्यापारिक रिश्तों में भी मजबूती आएगी जो कि ट्रेड में इजाफा करेगा।
भारत रक्षा क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा
भारत रक्षा क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है। वह वर्तमान में 42 देशों को रक्षा उपकरण सप्लाई कर रहा है। मिस्र भी अगर उसके साथ दोस्ती के साथ साथ रक्षा क्षेत्र में खरीददार बनता है तो दोनों देशों के रक्षा व्यापार को भी मजबूती मिलेगी।
दोनों देशों की सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ाने के लिए ग्रैंड मुफ्ती से मुलाकात
मिस्र यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों देशों की सांस्कृतिक विरासत और संस्कृतियों को साझा करने पर भी चर्चा की। उन्होंने यहां ग्रैंड मुफ्ती प्रो.शौकी इब्राहिम अल्लाम से मुलाकात की। दोनों देशों की कल्चर, स्थानीयता और लोगों पर चर्चा के साथ संबंधों को प्रगाढ़ करने पर बातचीत की।
बोहरा मुसलमानों का यहां से गहरा नाता
मिस्र पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी ने यहां की 11वीं सदी की मस्जिद अल-हाकिम में विजिट किया। मस्जिद के लोगों से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की। अल-हाकिम मस्जिद दाऊदी बोहरा मुसलमानों का पवित्र मस्जिद है। दाऊदी बोहरा मुसलमानों का भारत में भी काफी प्रभाव है। यहां उनकी करीब 5 लाख आबादी है। भारतीय मुसलमानों के सहयोग से ही अल-हाकिम मस्जिद का पुनर्निमाण कराया गया है। पीएम नरेंद्र मोदी मिस्र में भारतीय डायस्पोरा से मुलाकात की है। मिस्र में बड़ी संख्या में भारतीय रहते हैं। काफी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट भी पहुंचे थे। यहां एक लड़की ने उनको ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे...गीत सुनाकर मंत्रमुग्ध कर दिया। पीएम मोदी ने यहां रहने वाले बोहरा कम्युनिटी के लोगों से भी मुलाकात कर उनसे विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की।
यह भी पढ़ें:
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.