
नई दिल्ली। भारी बारिश के चलते उत्तर भारत के कई राज्यों में स्थितियां भयावह है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में बारिश के चलते नदियां उफना गई हैं, बाढ़ से हालात बदतर हो चुके हैं। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों से बातचीत कर उनके राज्यों में बारिश से जुड़े हालात के बारे में जानकारी ली और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
पीएम ने की सुक्खू और धामी से टेलीफोन पर बात
पीएमओ सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से टेलीफोन पर बातचीत की है। दोनों राज्यों में बारिश से उपजे हालात के बारे में मुख्यमंत्रियों से उन्होंने चर्चा की है। पीएम ने दोनों सीएम को आश्वस्त किया कि भारत सरकार की ओर से हर संभव मदद की जाएगी।
भूस्खलन और बाढ़ से हुई है 22 लोगों की मौत
उत्तर भारत में मूसलाधार बारिश के चलते हुए भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के चलते कम से कम 22 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में रिकॉर्ड बारिश हुई है। इसके चलते स्कूलों को बंद करना पड़ा है। हिमाचल प्रदेश में नदियों के उफनाने से लोग फंस गए हैं। हिमाचल प्रदेश ने स्कूलों और कॉलेजों को दो दिनों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।
पिछले 36 घंटों में हिमाचल प्रदेश में 14 बड़े भूस्खलन हुए हैं और 13 फ्लैस फ्लड आए हैं। इनके चलते 700 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं। अचानक आई बाढ़ के कारण एक पुल ढह गया और कई घर बह गए। लगातार बारिश के कारण सड़कों और पुलों पर फंसे लोगों को निकालने के लिए हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। उत्तराखंड, पंजाब और दिल्ली में भी सड़कें जलमग्न हो गईं हैं। नाव की मदद से फंसे हुए लोगों को निकाला जा रहा है।
यह भी पढ़ें:
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.