
Prajwal Revanna: कर्नाटक के हासन के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को रेप और यौन उत्पीड़न के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। उसे बेंगलुरु सेंट्रल जेल में रखा गया है। अप्रैल 2024 तक सांसद रहने के दौरान प्रज्वल रेवन्ना को 1.2 लाख रुपए प्रति महीना बेसिक सैलरी मिल रही थी। कई तरह के भत्ते ऊपर से दिए जा रहे थे। अब जेल में उसका जीवन बदल गया है। वेतन 540 रुपए होगा। खाने के लिए महीने में दो बार चिकन-मटन मिलेगा।
जेल में प्रज्वल रेवन्ना की पहचान कैदी नंबर 15528 के रूप में है। कमाई 540 रुपए प्रति माह से अधिक नहीं होगी। आठ घंटे की शिफ्ट में सप्ताह में छह दिन काम करना है। जेल के नियमों के अनुसार, रविवार को छोड़कर, सभी कैदी काम करने और पैसे कमाने के हकदार हैं। TOI की रिपोर्ट के अनुसार प्रज्वल को अभी कोई काम नहीं दिया गया है। सोमवार को काम मिल सकता है।
जेल में नए कैदी आमतौर पर ऐसे काम से शुरुआत करते हैं, जिसमें खास कौशल की जरूरत नहीं होती। जैसे बेकरी में मदद करना या बुनियादी सिलाई करना। एक साल बाद कैदी अगर काम करने में अच्छा दिखा तो उसे बुनाई या लोहार जैसे कुशल श्रमिक पदों पर प्रमोशन दिया जाता है। एक जेल अधिकारी ने बताया कि हर सोमवार को नए कैदियों को उनके काम दिए जाते हैं। काम किसी भी तरीके का हो सकता है। वेतन 540 रुपए प्रति माह होता है। कठोर कारावास की सजा पाए कैदी को अनिवार्य रूप से काम करना होता है।
जेल में कैदियों का जीवन सुबह 6.30 बजे शुरू होता है। अगर किसी को स्वास्थ्य कारणों से छूट मिली हो तो उसे राहत दी जा सकती है। बुनियादी दिनचर्या के बाद नाश्ता परोसा जाता है। बेंगलुरु सेंट्रल जेल में नाश्ते का मेन्यू पूरे सप्ताह बदलता रहता है। रविवार को वेज पुलाव, सोमवार को टोमैटो बाथ, मंगलवार को चित्रन्ना, बुधवार को पोहा, गुरुवार को पुलियोगरे, शुक्रवार को उपमा और शनिवार को वंगीभात। दिया जाता है।
यह भी पढ़ें- पूर्व पीएम के पोते व पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को आजीवन कारावास, नौकरानी से रेप के मामले में सजा
कैदियों को दोपहर का भोजन सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे के बीच परोसा जाता है। सभी कैदियों को शाम 6:30 बजे तक अपनी बैरक में लौटना होता है। दोपहर और रात के भोजन में चपाती, रागी बॉल्स, सांभर, सफेद चावल और छाछ दिया जाता है। मंगलवार को कैदियों को एक अंडा मिलता है। हर महीने के पहले और तीसरे शुक्रवार को मटन और दूसरे व चौथे शनिवार को चिकन मिलता है। प्रज्वल को अन्य कैदियों की तरह सप्ताह में दो बार फोन कॉल करने की अनुमति होगी। वह कॉल में अधिकतम 10 मिनट बात कर पाएगा। सप्ताह में एक बार परिवार या दोस्तों से मिल सकेगा।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.