
नई दिल्ली. संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो गया। सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण से हुई। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दोनों सदनों को संबोधित करते हुए कहा, यह दशक भारत के लिए काफी अहम है। उन्होंने कहा, इस दशक में हमारी स्वतंत्रता के 75 साल पूरे हुए। मेरी सरकार के प्रयास से इस सदी को भारत की सदी बनाने की मजबूत नींव रखी जा चुकी है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने अभिभाषण में आर्टिकल 370, तीन तलाक, नागरिकता कानून, राम जन्मभूमि, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, रेल नेटवर्क और जल मंत्रालय का भी जिक्र किया। CAA का जिक्र करते ही जहां भाजपा ने मेज थपथपाकर स्वागत किया तो वहीं, विपक्ष ने इस पर हंगामा कर दिया। आईए जानते हैं, उनके अभिभाषण की अहम बातें...
1- 'लोकसभा में तीन तलाक विरोधी कानून, उपभोक्ता संरक्षण कानून, अनियमित जमा योजना कानून, चिट फंड संशोधन कानून, मोटरवाहन कानून जैसे अनेक कानून बनाए गए। इसके लिए सांसदों का अभिनंदन करता हूं।'
2- 'राम जन्मभूमि पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद देश ने परिपक्वता का परिचय दिया।'
3- 'विभाजन के बाद बने माहौल पर बापू ने कहा था कि जो हिंदू और सिख पाकिस्तान में नहीं रहना चाहते, वे भारत आ सकते हैं। उन्हें सामान्य जीवन उपलब्ध कराना भारत का कर्तव्य है। मुझे प्रसन्नता है कि नागरिकता कानून बनाकर महापुरुषों की इच्छा को पूरा किया गया है।'
4- 'विरोध के नाम पर किसी भी तरह की हिंसा लोकतंत्र को अपवित्र करती है। सरकार को यह जनादेश लोकतंत्र की रक्षा के लिए मिला है। नए भारत में विकास के नए अध्याय लिखे जाएं। हर क्षेत्र में सबका विकार हो।'
5- 'डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कहा था कि क्या जम्मू-कश्मीर के लोगों को वे मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने चाहिए, जो बाकी देशवासियों को मिलते हैं। अनुच्छेद 370 हटाने से जम्मू-कश्मीर के लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे। वहां के हर व्यक्ति को मूल अधिकार मिलेंगे। पिछले साल जम्मू-कश्मीर में विकास कार्य तेज हुए। पंचायत चुनाव संपन्न कराए गए। 24 हजार से ज्यादा घर बनाए गए।'
6- 'सरकार के फैसलों ने देशवासियों की अपेक्षाएं और सरकार की जिम्मेदारियां भी बढ़ाई हैं। करतारपुर कॉरिडोर खोलना सौभाग्य की बात है। श्रद्धालु गुरु नानक देव के 500वें प्रकाश पर्व पर लोग करतारपुर जा पाए।'
7- 'हम सभी का दायित्व है कि अपने गांवों को साफ-सुथरा बनाकर महात्मा गांधी के सपने को पूरा करें। गांवों में शुद्ध पेयजल के लिए सरकार ने जल जीवन मिशन शुरु किया है। इस पर 3 लाख 60 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे। भूजल स्तर गिरने वाले क्षेत्रों में सरकार ने अटल जल योजना शुरू की है। सरकार गरीबों के जुड़ी योजनाओं पर बल दे रही है।'
8- दिल्ली से पूर्वोत्तर की दूरी के कारण वहां के लोगों को यह खटकता था। सरकार ने वहां रेल नेटवर्क बढ़ाकर कनेक्टिविटी बढ़ाई है। जल्द ही अरुणाचल प्रदेश में नए एयरपोर्ट का काम पूरा हो जाएगा। पूर्वोत्तर में खेलों के लिए नए स्टेडियम भी बनाए जा रहे हैं। सरकार ने 5 दशक से चली आ रही बोडो समस्या को हल करने के लिए समझौता किया है। बोडो समुदाय को मुख्यधारा में लाने के लिए 1500 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
9- महिलाओं को कम ब्याज पर कर्ज दिया जा रहा है। पहली बार सैन्य स्कूलों में बेटियों को एडमिशन की सुविधा दी गई है। महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए गए हैं। बच्चों के साथ यौन शोषण करने वालों को फांसी तक का प्रावधान किया है।
10- हमारा देश अन्नदाता किसानों का ऋणी है। किसानों की जिंदगी बदले, ग्रामीण क्षेत्रों का विकास हो इस पर आने वाले 5 साल में 25 लाख करोड़ रुपए खर्च करने जा रहे हैं। इसी साल किसानों के खातों में 12 हजार करोड़ रुपए ट्रांसफर कर सरकार ने रिकॉर्ड बनाया है। दलहन और तिलों के उत्पादन में 20 हजार करोड़ टन की बढ़ोतरी हुई है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.