
नई दिल्ली। सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव (Presidential Election) के लिए मतदान होगा। इस बार के चुनाव में सांसदों के वोट की वैल्यू घट गई है। इसका कारण जम्मू-कश्मीर है। पहले एक सांसद के वोट की वैल्यू 708 थी। यह घटकर अब 700 रह गई है। वहीं, राज्यों की बात करें तो उत्तर प्रदेश के विधायकों के वोट की वैल्यू सबसे अधिक है।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए राज्यों के वोटों की कीमत 1971 की जनगणना के अनुसार तय की गई है। जिस राज्य की आबादी जितनी अधिक है उसके विधायकों की वोटों की कीमत उतनी अधिक है। उत्तर प्रदेश में विधायकों की संख्या 403 है। यहां के एक विधायक के वोट की कीमत 208 है। वहीं, सिक्किम में सिर्फ 32 विधायक हैं। यहां के एक विधायक के वोट की कीमत 7 है।
ऐसे निकाली जाती है सांसदों के वोट की कीमत
सांसदों के वोट की कीमत विधायकों की वोट वैल्यू से निकाली जाती है। सभी विधायकों के वोट की कीमत को सासंदों (लोकसभा और राज्यसभा दोनों) की संख्या से भाग दिया जाता है। भाग देने पर जो अंक आता है वह एक सांसद के वोट की कीमत होती है।देश में विधानसभा क्षेत्रों की कुल संख्या 4120 है। 2017 में इनके वोट की कीमत 5,49,495 थी। इसे सांसदों की कुल संख्या 776 (राज्यसभा के 233 और लोकसभा के 543) से भाग देने पर 708 आता है। इस तरह 2017 के चुनाव में एक सांसद के वोट की कीमत 708 थी।
2022 के चुनाव में स्थिति बदल गई है। जम्मू-कश्मीर विधानसभा भंग होने से कुल विधायकों की संख्या घटकर 4033 रह गई है। इसके साथ ही इनके वोट की वैल्यू भी घटकर 5,43,231 रह गई है। अब 5,43,231 को सांसदों की संख्या 776 से भाग दें तो 700 आता है। इस प्रकार इस बार के चुनाव में एक सांसद के वोट की कीमत 700 है।
उत्तर प्रदेश के विधायकों के वोट की कीमत है सबसे अधिक
उत्तर प्रदेश में 403 विधायक हैं। इनमें से हर एक विधायक के वोट की कीमत 208 है। कुल मिलाकर विधायकों के वोट की कीमत 83,824 है। तमिलनाडु और झारखंड के एक विधायक के वोट की कीमत 176 है। इसी तरह महाराष्ट्र के एक विधायक के वोट की कीमत 175, बिहार के विधायक के वोट की कीमत 173 और आंध्र प्रदेश के विधायक के वोट की कीमत 159 है।
यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति चुनाव 2022: द्रौपदी मुर्मु के समर्थन में NDA के धुर विरोधी भी साथ, कौन कौन समर्थन में, देखें list
सिक्किम के विधायकों के वोट की कीमत सबसे कम है। यहां के एक विधायक के वोट की वैल्यू 7 है। अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम के एक विधायक के वोट की कीमत 8 है। नागालैंड के एक विधायक के वोट की कीमत 9 है। मेघालय के एक विधायक के वोट की कीमत 17, मणिपुर के एक विधायक के वोट की कीमत 18 और गोवा के एक विधायक के वोट की कीमत 20 है।
यह भी पढ़ें- कौन हैं जगदीप धनखड़ जिनको NDA ने बनाया है उपराष्ट्रपति प्रत्याशी, ममता बनर्जी से है हमेशा ठनी रहती