मोदी के संबोधन की 20 बड़ी बातें: PM ने 140 करोड़ देशवासियों को बताई 3 बुराई, कहा- इससे लड़ना है...

Published : Aug 15, 2023, 10:18 AM ISTUpdated : Aug 15, 2023, 12:14 PM IST
Narendra Modi Red Fort

सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) पर देश से भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण के खिलाफ लड़ने की अपील की। उन्होंने अगले साल फिर लाल किला पर झंडा फहराने का दावा किया।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2024 में होने जा रहे लोकसभा चुनाव से पहले स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) पर आखिरी बार लाल किला से भाषण दिया। यह लाल किला से उनका 10वां संबोधन था। पीएम ने देश से कहा कि भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण की बुराइयों से लड़ना जरूरी है। आगे पढ़ें पीएम के भाषण की 20 खास बातें...

1- भ्रष्टाचार ने हमारे देश को दीमक की तरह नोंच लिया है। मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ता रहूंगा। परिवारवाद ने देश को जकड़ रखा है, इसने लोगों का हक छीना है। तुष्टिकरण ने देश की मूलभूत चिंतन और राष्ट्रीय चरित्र को दाग लगा दिए हैं। हमें इन बुराइयों...भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण के साथ पूरे सामर्थ्य के साथ लड़ना है।

2- ये नया भारत है। आत्मविश्वास से भरा हुआ भारत है। ये संकल्पों को चरितार्थ करने के लिए जी-जान से जुटा है। नया भारत न रूकता है, न थकता है, न हांफता है और न ही हारता है।

3- हमारे देश में 25 साल से चर्चा हो रही थी कि नई संसद बने। मोदी ने समय के पहले नई संसद बना दिया। ये काम करने वाली सरकार है। निर्धारित लक्ष्यों के साथ काम करने वाली सरकार है।

4- भारत पुरानी सोच, पुराने ढर्रे को छोड़, लक्ष्यों को तय और प्राप्त कर आगे बढ़ रहा है। जिसका शिलान्यास हमारी सरकार करती है, उसका उद्घाटन भी हम अपने कालखंड में ही करते हैं।

5- देश में 10 हजार जनऔषधि केन्द्र से बढ़ाकर 25 हजार जन औषधि केन्द्र बनाने का लक्ष्य रखा है।

6- 2014 में हम वैश्विक अर्थव्यस्था में 10वें नंबर पर थे। आज विश्व की 5वीं अर्थव्यस्था बन चुके हैं।

7-अगली बार 15 अगस्त को इसी लाल किले से देश की उपलब्धियों का गौरवगान और भी अधिक आत्मविश्वास से पेश करूंगा।

8-आज भारत की पहचान विश्व मित्र के रूप में बनी है। भारत विश्व मंगल की मजबूत नींव डाल रहा है।

9-मेरा सपना 2 करोड़ लखपति दीदी बनाने का है। महिला स्वयं संगठन की महिलाओं को ड्रोन चलाने और रिपेयर करने की ट्रेनिंग देंगे। सरकार महिलाओं को ड्रोन देगी। शुरुआत 15 हजार महिला स्वयं संगठन से करेंगे। ड्रोन का इस्तेमाल कृषि क्षेत्र में होगा।

10-भारत में 6जी लाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए टास्कफोर्स बनाया गया है। 5जी का विस्तार गांव-गांव तक हो रहा है।

11-आने वाले पांच साल में देश पहले तीन वैश्विक इकोनॉमी में जगह लेगा। यह मोदी की गांरटी है।

12-कामगारों और कारीगरों के लाभ के लिए विश्वकर्मा जयंती पर विश्वकर्मा योजना लॉन्च करेंगे। 13-15 हजार करोड़ से उसकी शुरुआत होगी।

13- कोरोना काल के बाद वर्ल्ड ऑर्डर बदल रहा है। भारत का असर बढ़ रहा है। कोरोना काल में दुनिया ने भारत का सामर्थ्य देखा है। आज भारत ग्लोबल साउथ की आवाज बन रहा है।

14- मणिपुर में हिंसा में कई लोगों को अपना जीवन खोना पड़ा। मां-बेटियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ हुआ। कुछ दिनों से लगातार शांति की खबरें आ रही हैं। देश मणिपुर के साथ है। शांति से ही समस्या का समाधान निकलेगा।

15- 2019 में परफॉर्मेंस के आधार पर आप सबने हमें फिर से आशीर्वाद दिया। परिवर्तन का वादा मुझे ले आया और आने वाले 5 साल अभूतपूर्व विकास के हैं। 2047 के सपने को साकार करने के सबसे बड़े स्वर्णिम पल आने वाले 5 साल हैं।

16- मैं आप में से आता हूं, मैं आपके बीच से निकला हूं, मैं आपके लिए जीता हूं। अगर मुझे सपना भी आता है तो आपके लिए आता है, अगर मैं पसीना भी बहाता हूं तो आपके लिए बहाता हूं। इसलिए ​नहीं कि आपने मुझे ये दायित्व दिया, ये मैं इसलिए कर रहा हूं क्योंकि आप मेरे ​परिवारजन हैं और मैं आपके किसी दुख को नहीं देख सकता हूं।

17- हमने देश के सीमावर्ती गाँवों के लिए Vibrant Border Village का कार्यक्रम शुरू किया है।

अब तक सीमावर्ती गांव को कहा जाता था कि वह देश का आखिरी गांव है। हमने उस सोच को बदला है, वह देश का आखिरी गांव नहीं है! सीमा पर जो नजर आ रहा है, वह देश का पहला गांव है।

18- देश में रेल आधुनिक हो रही है तो वंदे भारत ट्रेन भी आज देश के अंदर काम कर रही है। गांव-गांव पक्की सड़कें बन रही हैं तो इलेक्ट्रिक बसें, मेट्रो की रचना भी आज देश में हो रही है। आज गांव-गांव तक इंटरनेट पहुंच रहा है।

19- देश आधुनिकता की तरफ आगे बढ़ने के लिए काम कर रहा है। आज देश रिन्यूएबल एनर्जी और ग्रीन हाईड्रोजन के लिए काम कर रहा है। देश की स्पेस में क्षमता बढ़ रही है तो डीप सी मिशन में भी सफलता के साथ आगे चल रहा है।

20- देशवासियों पर महंगाई का बोझ कम से कम हो, इस दिशा में मुझे और भी कदम उठाने हैं और मेरा प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

 

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Read more Articles on

Recommended Stories

मकर संक्रांति: कहीं गर्दन की हड्डी रेती तो कहीं काटी नस, चाइनीज मांझे की बेरहमी से कांप उठेगा कलेजा
Ariha Shah Case: साढ़े 4 साल से Germany में फंसी मासूम, मौसी ने बताया क्या है पूरा मामला