
Priyanka Gandhi electoral debut: प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की बहुप्रतिक्षित घड़ी का ऐलान हो चुका है। प्रियंका गांधी अपने चुनावी पारी का शुभारंभ उपचुनाव से करेंगी। राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वायनाड से उपचुनाव लड़ेंगी। सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रियंका गांधी को वायनाड उपचुनाव के लिए पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया। राहुल गांधी के रायबरेली सीट को रखने और वायनाड सीट से इस्तीफा देने के बाद यहां उपचुनाव तय है।
कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा घोषणा किए जाने के तुरंत बाद प्रेस कांफ्रेंस में प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि वह चुनाव लड़ने को लेकर घबराई हुई नहीं हैं और वह वायनाड में अपना बेस्ट देंगी। उन्होंने कहा कि मैं वायनाड के लोगों का प्रतिनिधित्व करने में सक्षम होने के लिए बहुत खुश हूं और मैं बस इतना ही कहूंगी कि मैं उन्हें राहुल गांधी की अनुपस्थिति महसूस नहीं होने दूंगी। राहुल भी अक्सर आएंगे लेकिन मैं भी उतनी ही मेहनत करूंगी और सभी को खुश करने की कोशिश करूंगी।
डेढ़ दशक से स्टार कैंपेनर
करीब डेढ़ दशक से कांग्रेस की स्टार कैंपेनर और संगठनकर्ता के रूप में सक्रिय रहीं प्रियंका गांधी अपनी चुनावी पारी का इंतजार कर रहीं थीं। वह अपनी मां सोनिया गांधी और राहुल गांधी के चुनाव क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहकर प्रचार अभियान को गति देती रहती थीं लेकिन खुद चुनाव से दूर रहीं। हालांकि, हर बार प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने को लेकर कयास लगाए जाते रहे लेकिन वह हकीकत नहीं बन सके।
लगते रहे हमेशा कयास लेकिन...
इस बार भी संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में प्रियंका गांधी के रायबरेली से चुनाव लड़ने के कयास लगते रहे। यह सीट सोनिया गांधी के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई थी। ऐसा माना जा रहा था कि राहुल गांधी वायनाड के अलावा अमेठी से चुनाव लड़ेंगे और प्रियंका गांधी अपनी मां की सीट रायबरेली से चुनावी पर्दापण करेंगी। लेकिन आखिरी दिन रायबरेली से राहुल गांधी और गांधी परिवार के करीबी किशोरी लाल शर्मा ने अमेठी से नामांकन कर सबको चौका दिया। हालांकि, अमेठी और रायबरेली दोनों सीटें कांग्रेस के खाते में गई लेकिन प्रियंका गांधी को लेकर लगाए जा रहे कयास, सच साबित न हुए। बहरहाल, वायनाड में उपचुनाव घोषित होने के पहले कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को प्रत्याशी घोषित कर उनकी चुनावी डेब्यू का रास्ता बना दिया है।
यह भी पढ़ें:
वायनाड लोकसभा उपचुनाव में प्रत्याशी घोषित किए जाने पर प्रियंका गांधी बोलीं-मैं नर्वस नहीं हूं…
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.