
(Uttar Pradesh Election 2022) उत्तर प्रदेश में भाजपा के योगी आदित्यनाथ रथ को रोकने के लिए समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव पूरा जोर लगाए हैं तो कांग्रेस भी पीछे नहीं है। 30 साल बाद यह पार्टी यूपी की 400 सीटों पर मैदान में है। यूपी की चुनावी कमान संभाल रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इस बार महिलाओं को आगे करते हुए ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ का नारा दिया और 40 फीसदी महिलाओं को मैदान में उतारा। उत्तर प्रदेश की चुनावी व्यस्तताओं के बीच प्रियंका गांधी ने एशियानेट न्यूज से विशेष बातचीत की। उन्होंने योगी सरकार को हर मुद्दे पर घेरा। पढ़ें, यूपी की राजनीति को लेकर प्रियंका क्या सोचती हैं…
सवाल : आप यहां लंबे समय से हैं। प्रचार के मैदान में आपके सामने किस तरह के मुद्दे आ रहे हैं?
प्रियंका : लोग रोजमर्रा की मुसीबतों से जूझ रहे हैं। वे बहुत परेशान हैं। पेट्रोल--डीजल, खाने का तेल सभी चीजों की कीमतें बहुत अधिक हैं। किसानों की समस्याएं बहुत बढ़ गई हैं। युवा बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे हैं। महिलाओं को सुरक्षा का खतरा है। उन्हें उनके पैरों पर खड़ा करने के लिए, आत्मनिर्भर बनाने के लिए कुछ नहीं किया गया है। यहां बहुत बड़ी समस्याएं हैं। मुझे लगता है कि लोगों को यह सब समस्याएं पता हैं, क्योंकि वे रोज इनके बीच जी रहे हैं और मैं उम्मीद करती हूं कि वे इस चुनाव में ऐसी राजनीति का चुनाव करेंगे जो उनके मुद्दों का समाधार कर सके।
यह भी पढ़ें यूपी चुनाव: लखीमपुर खीरी में अज्ञात व्यक्ति ने EVM में डाला फेवीक्विक, अभी तक नहीं बदली गई मशीन
सवाल : आपने बहुत सारी महिलाओं को टिकट दिया है। रेप पीड़िता की मां भी इनमें से एक है। आपको क्या लगता है कि महिला सशक्तीकरण के लिए यह लाभदायक होगा?
प्रियंका : बिल्कुल यह लाभदायक होगा। वे महिलाएं जो कभी राजनीति में नहीं रहीं, हो सकता है कि वे बेहतर परफॉर्म करें, यह भी हो सकता है कि वे नहीं करें। लेकिन यह भविष्य की नींव तैयार करने वाला होगा और यह बहुत महत्वपूर्ण है कि महिलाओं को पूरे अधिकार मिलें। मैं समझती हूं कि आबादी में 50 फीसदी महिलाएं हैं तो उन्हें क्यों राजनीति में शामिल नहीं होना चाहिए।
सवाल : इस बार बहुत सारे मुद्दे हैं। लखीमपुर खीरी, उन्नाव केस… ये मुद्दे योगी सरकार को कितना प्रभावित करेंगे?
प्रियंका : इन सारे अपराधों में एक बात अहम है कि या तो ये पावर (राजनीति) से जुड़े हैं या फिर पावर में हैं। इन मामलों में सरकार से लेकर पुलिस और प्रशासन ने पीड़ित से ज्यादा अपराधी को सुरक्षा दी है। महिलाएं ऐसी घटना के बाद शर्मसार होती हैं। यह बहुत साफ है कि सरकार ने महिलाओं पर होने वाले इस तरह के अपराधों और हिंसा को रोकने के लिए कुछ भी नहीं किया। महिलाओं पर हुए अपराध के बाद हर अपराधी को प्रोटेक्ट किया गया। मेरे हिसाब से यह सरकार का बहुत बड़ा फेलियर है।
सवाल : योगी आदित्यनाथ ने एक भाषण में कहा कि यदि लोगों ने भाजपा को वोट नहीं दिया तो यूपी केरल बन जाएगा, आप इसे कैसे देखती हैं?
प्रियंका : तो आप केरल से क्या समझते हैं? यदि मैं गलत नहीं हूं तो केरल में सबसे ज्यादा पढ़ी--लिखी आबादी है। यह अच्छी बात है, कोई बुरी बात नहीं है।
सवाल : उन्होंने कहा है कि केरल में बहुत अधिक हिंसा है। इसी तरह के और भी बहुत सारे मुद्दे हैं? यहां सांप्रदायिक मुद्दे भी बहुत हैं?
प्रियंका : जब आपकी सरकार फेल हो गई। जब आपने 70 लाख रोजगार देने का वादा किया, जब आपने महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा के लिए कुछ नहीं किया। जब आपके राज्य में किसान परेशान हैं। जब आपकी नीति छोटे, मंझोले व्यवसायों को परेशान करने वाली है तो आप पूरी तरह से फेल हैं। इसलिए आपके पास बात करने के लिए कुछ नहीं है। साफ है कि धर्म, जाति, ध्रुवीकरण जैसे मुद्दों के जरिये ही चुनावों में उतर सकते हैं। मुझे लगता है कि इस सरकार ने लोगों को सरकार पर निर्भर रहने के लिए फ्री राशन, खातों में कुछ महीनों में एक हजार--दो हजार रुपए डालने जैसी योजनाएं लॉन्च की है। साफ है कि इन योजनाओं का उद्देश्य ही है कि लोग उनकी योजनाओं पर निर्भर रहें। सच्चाई ये है कि लोग वास्तव में बहुत गरीब हैं। लोगों को शिक्षित करने, अपने पैरों पर खड़ा करने, रोजगार देने के बजाय फ्री स्कीम देना एक राजनीतिक चाल है ताकि वे गरीब रहें, बुरी हालत में रहें, उन (सरकार) पर निर्भर रहें, ताकि जब चुनाव आएं तो आप उनकी भावनाओं का इस्तेमाल कर सकें। आप धर्म, जाति जैसे मुद्दों का इस्तेमाल कर सकें और आपको वोट करके सत्ता में लाएं।
यह भी पढ़ें यूपी चुनाव: साक्षी महाराज ने उन्नाव में डाला वोट, हिजाब विवाद को लेकर कही ये बात
सवाल : वे कहते हैं कि जब आप और राहुल गांधी केरल जाते हैं तो उत्तर प्रदेश को नीचा दिखाते हैं।
प्रियंका : सच कहूं तो मुझे नहीं पता कि उनकी सोच कैसी है। हम एक देश हैं। यदि हम केरल जाते हैं, उत्तर प्रदेश जाते हैं, किसी दूसरे प्रदेश जाते हैं तो यह सिर्फ भारत है। ऐसे में किसी एक प्रदेश को नीचा दिखाने की बात कहां हो गई। यह उनकी सोच है। मुझे यह नहीं समझ आती।
सवाल : इस चुनाव से आपकी क्या अपेक्षा है?
प्रियंका : मैं बहुत खुश हूं कि 30 साल बाद कांग्रेस उत्तर प्रदेश की 400 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। हमारी पार्टी जोश से भरी हुई है। हर जिले, हर विधानसभा में हमारे लोग चुनावों में लड़ रहे हैं और लोगों के मुद्दों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मैं बहुत खुश हूं कि हम महिलाओं को चर्चा की मुख्यधारा में लाने में सक्षम हुए। पहले इन्हें दरकिनार किया जाता था। हम रोजगार को चर्चा में लाए। हर दिन हमने ये मुद्दे उठाए, और इसके बाद दूसरी पार्टियों को इसकी अनुभूति हुई। उन्हें समझ में आया कि अब लोगों के मुद्दों को नजरंदाज नहीं किया जा सकता है। मुझे खुशी है कि हमने यह उपलब्धि हासिल की। मुझे खुशी होगी यदि लोगों ने हम पर इस चुनाव में भरोसा जताया।
यह भी पढ़ें यूपी चुनाव: लखीमपुर खीरी में अज्ञात व्यक्ति ने EVM में डाला फेवीक्विक, अभी तक नहीं बदली गई मशीन
प्रियंका गांधी वाड्रा का Exclusive interview
"
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.