
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने भारतीयों को लेकर नस्लवादी बयान दिया था। जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया। कांग्रेस ने भी सैम पित्रोदा के बयान से किनारा कर लिया था।
कांग्रेस ने सैम पित्रोदा के इस्तीफा को स्वीकार कर लिया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि सैम पित्रोदा ने "अपनी मर्जी से" इस्तीफा दिया है। उन्होंने पोस्ट किया, "सैम पित्रोदा ने अपनी मर्जी से इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।"
सैम पित्रोदा ने कहा था-दक्षिण भारत के लोग अफ्रीकी जैसे दिखते हैं
एक इंटरव्यू में भारत की विविधता का जिक्र करते हुए सैम पित्रोदा ने कहा, "पूर्व के लोग चीनी जैसे दिखते हैं, पश्चिम के लोग अरब जैसे दिखते हैं, उत्तर के लोग गोरे जैसे दिखते हैं और दक्षिण के लोग अफ्रीकी जैसे दिखते हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। हम सभी भाई-बहन हैं।"
कांग्रेस ने तुरंत पित्रोदा के बयान से दूरी बना ली थी और इसे "अस्वीकार्य" बताया था। जयराम रमेश ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा, "सैप पित्रोदा ने भारत की अनेकताओं पर जो उपमाएं दी हैं वो बिल्कुल गलत है। बिल्कुल अस्वीकार्य है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इन उपमाओं से अपने आप को पूर्ण रूप से अलग करती है और इसका खंडन करती है।"
यह भी पढ़ें- सैम पित्रोदा के बयान से गुस्सा हुए PM, बोले- क्या चमड़ी के रंग से तय होगी योग्यता, शहजादे को देना होगा जवाब
अपने बयानों से कांग्रेस की नाव डुबो रहे सैम पित्रोदा
बता दें कि अमेरिका में रहने वाले कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा भारत में चल रहे लोकसभा चुनाव 2024 के बीच लगातार विवादित बयान देकर कांग्रेस की नाव डुबो रहे थे। उन्होंने पहले विरासत टैक्स की बात की फिर दक्षिण भारत के लोगों को अफ्रीकी बता दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के नेताओं ने इन बयानों के लिए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.