कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के बयान पर पीएम नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी से पूछा कि क्या चमड़ी के रंग से देश के लोगों की योग्यता तय होगी। उन्होंने इसे देश के लोगों का अपमान बताया। 

वारंगल। कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने अपने बयान से बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि भारत के पूर्व के लोग चीनी जैसे दिखते हैं, पश्चिम के लोग अरब जैसे दिखते हैं, उत्तर के लोग गोरे जैसे दिखते हैं और दक्षिण के लोग अफ्रीकी जैसे दिखते हैं।" सैम पित्रोदा के इस बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना के वारंगल में जनसभा के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला किया है।

राहुल गांधी का नाम लिए बिना नरेंद्र मोदी ने कहा, "मैं बहुत सोच रहा था कि द्रौपदी मुर्मू जी जिनकी बहुत अच्छी प्रतिष्ठा है, आदिवासी समाज की प्रतिष्ठित बेटी हैं। उनको हम राष्ट्रपति बना रहे हैं तो कांग्रेस उनको हराने के लिए इतनी मेहनत क्यों कर रही है। कांग्रेस आदिवासियों को नाराज क्यों कर रही है। मैं सोचता रहता था, लेकिन मुझे समझ नहीं आता था। मुझे लगता था कि ठीक है शहजादे का दिमाग ऐसा है कि शायद द्रौपदी जी का विरोध कर रहा है। उनको हराने के लिए निकल पड़ा है।"

उन्होंने कहा, "मुझे आज पता चला कि ये कांग्रेस पार्टी द्रौपदी मुर्मू जो एक आदिवासी बेटी हैं, उनको हराने के लिए क्यों मैदान में उतरी थी। अमेरिका में शहजादे के एक अंकल रहते हैं। ये शहजादे के अंकल उनके गाइड हैं। शहजादे के गाइड अंकल ने बड़ा रहस्य खोला है। उसने कहा कि जिनके चमड़ी का रंग काला होता है ये सब अफ्रीका के हैं। मतलब आप सबको, मेरे देश के अनेक लोगों को चमड़ी के रंग के आधार पर इतनी बड़ी गाली दे दी।"

पीएम बोले- शहजादे के फिलोसोफर की गाली से गुस्से में हूं

पीएम ने कहा, “चमड़ी का रंग देखकर इन्होंने मान लिया कि द्रौपदी मुर्मू भी अफ्रीकन हैं। इसलिए उनकी चमड़ी का रंग काला है तो उनको हराना चाहिए। ये सोच, आज पहली बार मुझे पता चला कि इनका दिमाग कहां काम कर रहा है। ये देश को कहां ले जाएंगे। अरे चमड़ी का रंग कोई भी हो हम तो श्री कृष्ण की पूजा करने वाले लोग हैं। जिनकी चमड़ी का रंग हमसब जैसा था।”

Scroll to load tweet…

उन्होंने कहा, "मैं एक गंभीर सवाल पूछना चाहता हूं। क्यों हमारे देश में ये शहजादे, मैं बहुत गुस्से में हूं आज दोस्तों, मुझे कोई गाली दे, मुझे गुस्सा नहीं आता। मैं सहन कर लेता हूं। लेकिन आज शहजादे के फिलोसोफर ने इतनी बड़ी गाली दी है जिसने मुझमें गुस्सा भर दिया है। कोई मुझे बताएं, क्या मेरे देश में चमड़ी के रंग के आधार पर लोगों की योग्यता तय होगी, ये चमड़ी के रंग का खेल, शहजादे को कितने इजाजत दी है? संविधान सिर पर लेकर नाचने वाले लोग चमड़ी के रंग के आधार पर मेरे देशवासियों का अपमान कर रहे हैं।"

यह भी पढ़ें- सैम पित्रोदा के बयान पर फिर हंगामा, भारत में पूर्व में लोग चीनी और पश्चिम में अरब जैसे दिखते, Watch Video

पीएम ने कहा, “शहजादे आपको जवाब देना पड़ेगा। चमड़ी के रंग के आधार पर मेरे देशवासियों का अपमान मेरा देश सहन नहीं करेगा। मोदी तो कतई नहीं करेगा।”

दक्षिण भारत के लोग अफ्रीकी जैसे दिखते हैं

बता दें कि एक इंटरव्यू में भारत की विविधता का जिक्र करते हुए सैम पित्रोदा ने कहा, "पूर्व के लोग चीनी जैसे दिखते हैं, पश्चिम के लोग अरब जैसे दिखते हैं, उत्तर के लोग गोरे जैसे दिखते हैं और दक्षिण के लोग अफ्रीकी जैसे दिखते हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। हम सभी भाई-बहन हैं।"

Scroll to load tweet…

यह भी पढ़ें- नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी से पूछा- अंबानी-अडानी को गाली नहीं दे रहे, कितना काला धन मिला?