
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की न्यायिक हिरासत को 10 नवम्बर तक बढ़ा दिया गया है। दिल्ली एक्साइज पॉलिसी केस में ईडी ने संजय सिंह को गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को राउज एवेन्यू कोर्ट ने एक बार फिर राज्यसभा सांसद सिंह की न्यायिक हिरासत को बढ़ा दी।
कोर्ट में पेशी के बाद बाहर निकले संजय सिंह ने मीडिया से बातचीत में पीएम मोदी पर सीधे हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर मोदीजी की जांच हो जाए तो उनको जिंदगी भर जेल में रहना पड़ेगा। पीएम मोदी को एक भ्रष्ट राजनेता बताते हुए संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री, उद्योगपति अडाणी से मिलकर भ्रष्टाचार करते हैं।
संजय सिंह को 4 अक्टूबर को किया गया था अरेस्ट
ईडी ने 4 अक्टूबर को राज्यसभा सांसद संजय सिंह के घर पर रेड किया था। दिल्ली आबकारी केस में घंटों की रेड और पूछताछ के बाद देर शाम को गिरफ्तार कर लिया गया। दरअसल, आरोपी से सरकारी गवाह बने दिनेश अरोड़ा ने संजय सिंह के शामिल होने का दावा किया था। इसी आधार पर ईडी ने उनको अरेस्ट किया। संजय सिंह को कोर्ट 27 अक्टूबर तक के लिए ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा है।
क्या है दिल्ली आबकारी नीति मामला?
दिल्ली आबकारी नीति मामले में आप सांसद संजय सिंह जेल में हैं। इसके पहले पूर्व उप मुख्यमंत्री व आप नेता मनीष सिसोदिया को इस केस में सीबीआई और फिर ईडी ने अरेस्ट किया था। सिसोदिया उपमुख्यमंत्री के साथ ही आबकारी विभाग के मंत्री भी थे। दिल्ली सरकार ने शराब बेचने के लिए नई आबकारी नीति बनाई थी। इसे 17 नवंबर 2021 को लागू किया गया था। नई आबकारी नीति लागू होने के बाद आप सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। सितंबर 2022 के अंत में सरकार ने नई आबकारी नीति रद्द कर दिया और पुरानी नीति लागू कर दी। लेकिन दिल्ली के उपराज्यपाल द्वारा पत्र लिखने पर सीबीआई ने केस दर्ज किया और शराब नीति केस की जांच शुरू की। इस मामले में हुए मनी लॉन्ड्रिंग की जांच ईडी कर रही है। मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था। इस मामले में सीबीआई ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी पूछताछ की है।
यह भी पढ़ें:
यूपी के बाहुबली मोख्तार अंसारी को 10 साल की सजा, जानिए किस मामले में कोर्ट ने सुनाई सजा
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.