
कोच्चि. देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (Corona virus) का संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप पर नियंत्रण के लिए केरल की पिनराई विजयन (P. Vijayan) सरकार ने पूरे राज्य में धारा 144 लगा दी है। गुरुवार रात एक आदेश जारी कर एक जगह पांच से अधिक लोगों के जुटने पर प्रतिबंध लगा दिया। केरल में ये प्रतिबंध 31 अक्टूबर तक लागू रहेंगे।
मुख्य सचिव विश्व मेहता ने जारी किया आदेश
केरल के मुख्य सचिव विश्व मेहता ने शुक्रवार देर रात एक आदेश जारी कर कहा कि यह आदेश सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन कराने के मकसद से जारी किया गया है और इसलिए प्रशासन को आईपीसी की धारा 144 लागू करने का निर्देश दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि, राज्य में सार्वजनिक कार्यक्रम और सभाएं आयोजित करने के कारण कोरोना वायरस के प्रसार का एक बड़ा खतरा पैदा हो गया है। इसलिए एक समय में पांच से अधिक लोगों की मौजूदगी या सभा की अनुमति अब नहीं दी जा सकती है।
देश में अबतक करीब 64 लाख कोरोना संक्रमित
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में शनिवार तक कोरोना से 63,91,960 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं इस वायरस की चपेट में आने से अब तक करीब 1 लाख लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। हालांकि राहत की बात ये है कि 53,48,653 लोग इस वायरस को मात देकर ठीक भी हो चुके हैं। देश में कोरोना को मात देकर ठीक होने वालों की संख्या एक्टीव मामलों की संख्या से अधिक है। फिलहाल भारत में एक्टीव मामलों की कुल संख्या 9,42,585 है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.