
Red Fort Blast Latest Updates: दिल्ली ब्लास्ट मामले में एक नया खुलासा हुआ है। सोमवार 10 नवंबर को लाल किले के पास ब्लास्ट से एक रात पहले आतंकी उमर उन नबी हरियाणा के मेवात गया था। टोल प्लाजा से रात 1 बजकर 36 मिनट पर वो विस्फोटक से भरी कार लेकर गुजरा था। जांच एजेंसियां अब इस बात का पता लगाने की कोशिश में जुटी हैं कि आखिरी उमर ब्लास्ट से एक रात पहले आखिरी मेवात क्यों और किससे मिलने गया था?
19 अक्टूबर से जम्मू-कश्मीर में शुरू हुई गिरफ्तारियों के बाद इस आतंकी मॉड्यूल के लोगों में दहशत फैल चुकी थी। माना जा रहा है कि उमर उन नबी भी इससे डर गया था और विस्फोटकों से भरी कार को कहीं न कहीं छुपाने के लिए ठिकाना ढूंढ रहा था। इसी सिलसिले में वो हरियाणा के मेवात पहुंचा होगा। हालांकि, जांच के बाद ही असलियत सामने आ पाएगी।
10 नवंबर यानी दिल्ली में ब्लास्ट वाले दिन सुबह करीब 8 बजे उसकी i20 कार बदरपुर बॉर्डर पर स्थित टोल से फरीदाबाद से दिल्ली की ओर आती दिखी थी। टोल प्लाजा पर उमर कई बार CCTV कैमरे की तरफ देखता है। यानी उसे अंदाजा था कि वो जांच एजेंसियों के निशाने पर है। इस दौरान उमर ने मास्क पहन रखा था।
10 नवंबर की दोपहर 12 बजे आतंकी उमर पुरानी दिल्ली की फैज-ए-इलाही मस्जिद गया था। यहां वो 10 मिनट तक रुका था। सीसीटीवी फुटेज में उसका चेहरा साफ नजर आया है। फैज-ए-इलाही मस्जिद रामलीला मैदान के करीब तुर्कमान गेट के सामने स्थित है। सीसीटीवी फुटेज में वो मस्जिद के अंदर घुसता और बाहर निकलता नजर आया था।
आतंकी उमर 10 नवंबर की दोपहर करीब 2 बजे अपनी i-20 कार के साथ कनॉट प्लेस के पास दिखा। कनॉट प्लेस दिल्ली का दिल और सबसे हाई-प्रोफाइल इलाका माना जाता है। यहां से संसद भवन, इंडिया गेट और दूसरी बड़ी इमारतें बेहद नजदीक हैं। बता दें कि दिल्ली में ब्लास्ट करने से पहले उमर शहर के कई इलाकों में कार से घूमता रहा।
धमाके से कुछ देर पहले यानी शाम 6 बजकर 20 मिनट पर उमर लाल किला पार्किंग में लगे सीसीटीवी में दिखा। इससे पहले वो दोपहर 3 बजे से लेकर करीब सवा 6 बजे तक लाल किले के पास स्थित सुनहरी मस्जिद में रुका था। बाद में वो मस्जिद की पार्किंग से निकला और 6 बजकर 52 मिनट पर रेड फोर्ट मेट्रो स्टेशन के पास स्थित ट्रैफिक सिग्नल पहुंचा और कार को ब्लास्ट कर दिया।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.