
International Yoga Day 2022: हर साल 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जाता है। इसकी शुरुआत 2015 से हुई। विश्व योग दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरुक करना है, ताकि वो ज्यादा से ज्यादा इसे अपनाकर खुद को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रख सकें। बता दें कि योग का हमारे जीवन में बहुत महत्व है। हर दिन 15 से 20 मिनट योग कर हम अपने मन-मस्तिष्क को तरोताजा रख सकते हैं। इसके साथ ही हम बढ़ती उम्र में भी कई बीमारियों से दूर रह सकते हैं।
आखिर 21 जून को ही क्यों मनाते हैं योग दिवस :
हर साल 21 जून को ही योग दिवस (International Yoga Day) क्यों मनाया जाता है, ये सवाल अक्सर लोगों के मन में उठता है। इसके पीछे भी एक जरूरी वजह है। दरअसल, 21 जून को सबसे लंबा दिन होता है। इसे लोग ग्रीष्म संक्रांति भी कहते हैं। माना जाता है कि ग्रीष्म संक्रांति के बाद सूर्य दक्षिणायन हो जाते हैं। ऐसे में सूर्य के उत्तरायण और दक्षिणायन होने का संधिकाल आध्यात्मिक रूप से हमारे शरीर के लिए सबसे अच्छा होता है। यही वजह है कि योग दिवस के लिए 21 जून का दिन चुना गया है।
किसने की योगा डे की शुरुआत (Who started Yoga Day):
योग दिवस मनाने की पहल सबसे पहले भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की। उन्होंने सितंबर, 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के सामने योग दिवस का प्रस्ताव रखा। उनके प्रस्ताव को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने स्वीकार कर लिया। 193 में से 175 देशों ने बिना किसी मतदान के भारत के प्रस्ताव को मान लिया। बता दें कि किसी भी प्रस्ताव को संयुक्त रार्ष्ट महा सभा में इतनी बड़ी संख्या में समर्थन मिलना भी एक रिकॉर्ड है। इसके बाद 11 दिसंबर, 2014 को इस बात का ऐलान किया गया कि हर साल 21 जून को 'विश्व योग दिवस' मनाया जाएगा।
पहले योग दिवस पर बना था ये रिकॉर्ड (First Yoga Day Record) :
पहली बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून, 2015 को मनाया गया था। इस मौके पर भारत में दो रिकॉर्ड बने थे। दिल्ली के राजपथ पर 35 हजार से ज्यादा लोगों ने एक साथ योगासन किया था। इसके अलावा, इस योग दिवस में 84 देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे।
ये भी देखें :
International Yoga Day 2022: भारत के 7 सबसे पॉपुलर योग गुरु, जिनकी वजह से पूरी दुनिया में फैला YOGA
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.