
Air India Turbulence: थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2379 में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान अचानक तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गया। कुछ ही सेकंड में शांत उड़ान डरावने अनुभव में बदल गई। किसी यात्री का सिर फट गया, किसी के कान में गंभीर चोट आई तो कई लोग सीट से उछलकर गिर पड़े। दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद घायलों को तुरंत अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इस बीच, घटना में घायल एक यात्री ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में उस खौफनाक पल को विस्तार से बताया।
ANI से बातचीत में घायल यात्री ने बताया कि उड़ान को करीब डेढ़ घंटा हो चुका था और ज्यादातर यात्री सुबह होने की वजह से सो रहे थे। तभी अचानक विमान ने तेज झटके खाने शुरू कर दिए।
#WATCH | Delhi: A passenger says, “It had been an hour and a half since the flight. It was early morning. We were sleeping inside the flight. The flight suddenly stopped while moving and turned around…it kept moving like this for 2-3 minutes…15-20 passengers got injured…there… pic.twitter.com/S5SEDYUCqZ
— ANI (@ANI) August 4, 2026
यात्री के मुताबिक, “हम सो रहे थे। अचानक लगा कि फ्लाइट रुक गई और फिर मुड़ने लगी। करीब दो से तीन मिनट तक लगातार जोरदार झटके लगते रहे। जिसने सीट बेल्ट नहीं बांधी थी, वह हवा में उछल गया। करीब 15 से 20 यात्री घायल हो गए। फ्लाइट में 100 से ज्यादा लोग थे। हम एयर इंडिया के खिलाफ कार्रवाई जरूर करेंगे।”
यात्री ने दावा किया कि झटके इतने तेज थे कि कई लोगों को गंभीर चोटें आईं। किसी का सिर फट गया, किसी के कंधे में चोट लगी तो एक यात्री का कान का पर्दा तक फट गया।
#WATCH | Delhi: Several passengers injured after Air India flight encounters severe air turbulence while travelling from Phuket to Delhi.
Visuals from IGI Airport where an injured passenger is being moved into an ambulance to be taken to the hospital. pic.twitter.com/ybchsVDeoM— ANI (@ANI) August 4, 2026
यह भी पढ़ें: दो राज्यों में हार, फिर यशोधरा राजे सिंधिया का ये बयान... क्या BJP के भीतर सब कुछ ठीक नहीं?
एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया कि विमान ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की और सभी 134 यात्री तथा क्रू सदस्य सुरक्षित विमान से बाहर निकल गए। एयरलाइन के अनुसार, किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
एयरलाइन सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पहुंचने से ठीक पहले विमान 'क्लियर एयर टर्बुलेंस' (Clear Air Turbulence) की चपेट में आ गया था। यह ऐसा टर्बुलेंस होता है जो साफ आसमान में अचानक महसूस होता है। इसमें बादल, बारिश या तूफान नहीं होता, इसलिए पायलट के लिए भी पहले से इसका अनुमान लगाना बेहद मुश्किल होता है। एयरलाइन ने बताया कि विमान को मामूली नुकसान पहुंचा, लेकिन सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
#WATCH | Delhi: Several passengers injured after Air India flight encounters severe air turbulence while travelling from Phuket to Delhi pic.twitter.com/OM1lXKRKcm
— ANI (@ANI) August 4, 2026
पूरे मामले पर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने भी बयान जारी किया है। DGCA के अनुसार, टर्बुलेंस के दौरान एयर इंडिया की फुकेट-दिल्ली उड़ान की ऊंचाई अचानक करीब 300 फुट कम हो गई।
अधिकारी ने बताया कि पायलट ने चालक दल के एक सदस्य के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी दी है। फिलहाल घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि विमान को इतना तेज झटका क्यों लगा।
दिल्ली पहुंचने के बाद घायलों को एंबुलेंस के जरिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, फोर्टिस वसंत कुंज में 7, स्पाइनल इंजरी सेंटर में 2 और मेदांता अस्पताल में 4 यात्रियों को भर्ती किया गया है।
फोर्टिस वसंत कुंज अस्पताल ने बताया कि सभी मरीजों की इमरजेंसी में तुरंत जांच की गई और बिना देरी इलाज शुरू किया गया। अस्पताल ने बेहतर समन्वय के लिए कोड येलो भी लागू किया है। मेडिकल टीम लगातार मरीजों की निगरानी कर रही है और जरूरत के अनुसार रेडियोलॉजिकल जांच कराई जा रही है।
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें विमान के अंदर अचानक मचे हड़कंप को देखा जा सकता है। वीडियो में तेज झटकों के कारण यात्रियों का संतुलन बिगड़ता दिखाई देता है। हालांकि, इन वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की जा सकी है।
फिलहाल एयर इंडिया, DGCA और अस्पतालों की ओर से जारी आधिकारिक बयानों के आधार पर मामले की जांच जारी है। घटना ने एक बार फिर यह याद दिलाया है कि उड़ान के दौरान सीट बेल्ट बांधकर रखना केवल औपचारिक नियम नहीं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी एहतियात है।
यह भी पढ़ें: OMR से लेकर गिरफ्तारी तक... JPSC में आखिर क्या-क्या हुआ? पूरी टाइमलाइन पढ़िए
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।