ब्राजील के तुपान्सिरेटा में आए भयंकर तूफान से 3 लोगों की मौत हो गई। 114 km/h की रफ्तार से चली हवाओं ने 5,000 से अधिक घरों की छतें उड़ा दीं। शहर में बुनियादी सेवाएं ठप हो गई हैं।
Brazil Storm: ब्राजील में कुदरत का ऐसा कहर टूटा कि देखते ही देखते पूरा शहर तबाही के मंजर में बदल गया। दक्षिणी ब्राजील के रियो ग्रांडे दो सुल राज्य के तुपान्सिरेटा शहर में आए शक्तिशाली तूफान ने भारी तबाही मचाई है। इस हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मौत की भी जांच की जा रही है। तूफान इतना भयानक था कि हजारों घरों की छतें उड़ गईं। दुकानें, चर्च और कई इमारतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सड़कों पर मलबा बिखरा पड़ा है और कई इलाकों में बिजली, पानी और इंटरनेट सेवाएं ठप हो गई हैं। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, शहर के करीब 8,500 घरों में से 5,000 से ज्यादा घरों की छतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। मौसम विभाग ने 114 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं दर्ज कीं। सवाल यह भी है कि यह सुपरसेल तूफान था या खतरनाक बवंडर?














