
Newly Married Woman Suicide Barabanki: शादी को अक्सर नई शुरुआत कहा जाता है, लेकिन बाराबंकी की एक नवविवाहिता के लिए यही रिश्ता उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द बन गया। सिर्फ दो महीने पहले दुल्हन बनी डॉली ने शायद सपनों के साथ ससुराल में कदम रखा होगा, लेकिन वहां मिले तानों, अपमान और मानसिक प्रताड़ना ने उसकी दुनिया ही बदल दी।
अब उसकी मौत के बाद मिली एक डायरी ने पूरे मामले को झकझोर दिया है। डायरी के पन्नों पर लिखी आखिरी पंक्तियां पढ़कर परिवार ही नहीं, पुलिस भी स्तब्ध है, “मैं मरना नहीं चाहती, लेकिन मुझे इतना मजबूर कर दिया गया कि अब कोई रास्ता नहीं बचा…” उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के मसौली थाना क्षेत्र के नौबस्ता गांव में सामने आया यह मामला एक बार फिर घरेलू प्रताड़ना और नवविवाहित महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस के अनुसार, नौबस्ता गांव निवासी राजकुमार वर्मा की बेटी डॉली की शादी 6 फरवरी 2026 को शोभनपुरवा निवासी आकाश पटेल के साथ हुई थी। शादी के बाद डॉली अपने ससुराल पहुंची, लेकिन परिवार के मुताबिक वह वहां कभी खुश नहीं रह सकी। आरोप है कि शादी के शुरुआती दिनों से ही उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। लगातार तनाव और अपमान के बीच उसने किसी तरह दो महीने ससुराल में बिताए। करीब एक सप्ताह पहले वह मायके लौट आई थी। परिजनों को उम्मीद थी कि समय के साथ हालात सुधर जाएंगे, लेकिन शुक्रवार को जो हुआ, उसने पूरे परिवार को तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: ‘YOU SHUT UP’ एक मिनट में 10 बार चिल्लाई हरदोई की प्रिंसिपल! बाहर से किताब खरीदना पड़ा भारी
शुक्रवार को जब घर के बाकी सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे, उसी दौरान डॉली ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद उसका भाई आयुष घर पहुंचा। उसने बहन को फंदे से लटकता देखा तो चीख पड़ा। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में डॉली को नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शुरुआत में पुलिस इसे सामान्य आत्महत्या का मामला मान रही थी, लेकिन जांच के दौरान शव के पास मिली एक डायरी ने पूरे केस की दिशा बदल दी।
डॉली ने अपनी डायरी में मौत से पहले अपने ससुराल वालों के व्यवहार का विस्तार से जिक्र किया था। उसने अपनी मौत के लिए सीधे तौर पर पति, सास, ससुर और ननद को जिम्मेदार ठहराया। डायरी में उसने लिखा-“मैं मरना नहीं चाहती थी, लेकिन मुझे इतना मजबूर कर दिया गया कि अब कोई रास्ता नहीं बचा। मेरा सारा सुकून छीन लिया गया है।” यह पंक्तियां अब पूरे मामले की सबसे अहम कड़ी मानी जा रही हैं।
सुसाइड नोट में डॉली ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने लिखा कि उसे लगातार अपमानजनक शब्द कहे जाते थे। पति उसके मोटापे को लेकर ताने देता था और उसे मानसिक रूप से परेशान करता था। सबसे गंभीर आरोप यह है कि ससुराल पक्ष ने उसके चरित्र पर भी सवाल उठाने शुरू कर दिए थे। यह बात उसे भीतर तक तोड़ रही थी। परिवार का कहना है कि डॉली लगातार तनाव में थी, लेकिन उसने खुलकर बहुत कम बातें साझा की थीं।
डॉली के पिता राजकुमार वर्मा का आरोप है कि उनकी बेटी ने ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर यह कदम उठाया। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और डायरी को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Disclaimer: आत्महत्या किसी समस्या का हल नहीं है। अगर आपके मन में भी सुसाइड या खुद को चोट पहुंचाने जैसे ख्याल आ रहे हैं तो आप फौरन घर-परिवार, दोस्तों और साइकेट्रिस्ट की मदद ले सकते हैं। इसके अलावा आप इन हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करके भी मदद मांग सकते हैं। आसरा (मुंबई) 022-27546669, सुमैत्री (दिल्ली) 011-23389090, रोशनी (हैदराबाद) 040-66202000, लाइफलाइन 033-64643267 (कोलकाता)। मानसिक तनाव होने पर काउंसलिंग के लिए हेल्पलाइन नंबर 14416 और 1800 8914416 पर संपर्क कर घर बैठे मदद पा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: ‘वॉशिंगटन हिल्टन’ अमेरिका का वह होटल, जहां पहले भी एक राष्ट्रपति पर हो चुका है जानलेवा हमला
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।